बारिश का कहरः नॉर्थ-ईस्ट में तबाही जैसा मंजर! बाढ़-लैंडस्लाइड से 25 लोगों की मौत, मौसम विभाग का अलर्ट

Rain havoc: Devastation in North-East! 25 people died due to floods and landslides, Meteorological Department issued alert

नई दिल्ली। देश में मानसून इसबार समय से पहले ही दस्तक दे चुका है। मानसून की दस्तक के साथ ही नॉर्थ-ईस्ट के राज्य असम, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में मूसलाधार मानसूनी बारिश ने तबाही मचा दी है। बीते दो दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते अचानक आई बाढ़ और लैंड स्लाइड की वजह से अब तक 25 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी को दी है और पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण बाढ़ आई और लैंडस्लाइड से पूरे नॉर्थ-ईस्ट में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। असम की राजधानी गुवाहाटी में लैंडस्लाइड की चपेट में कई घर आ गए। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य भी शामिल हैं।

दरअसल लगातार बारिश की वजह से पहाड़ियों की मिट्टी ढीली पड़ गई और एक बड़ा हिस्सा खिसककर घरों पर आ गिरा। प्रशासन ने घटना के बाद इलाके में नए अलर्ट जारी किए हैं। इसके अलावा असम के गोलाघाट जिले में दो और लखीमपुर में एक व्यक्ति की बाढ़ में डूबकर मौत हो गई। इधर चीन की सीमा से सटे अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ ने कहर ढाया है। एक वाहन बह जाने से सात लोगों की मौत हो गई। एक अन्य घटना में दो लोग डूब गए। राज्य में मरने वालों की कुल संख्या 9 हो गई है। वहीं मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय में पिछले 24 घंटे में 8 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि अचानक बाढ़ आ गई और लैंडस्लाइड की वजह से मौतें हुई हैं। यहां रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है।  उधर मणिपुर की राजधानी इम्फाल में लगातार तीन दिनों की बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह ठप कर दिया है। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर स्थिति है। प्रशासन ने इम्फाल नदी के किनारे बसे इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। साथ ही बाढ़ की चेतावनी भी जारी की गई है।