हे भगवानः रानीखेत में नवविवाहित जोड़े ने उठाया आत्मघाती कदम! पंखे से लटककर समाप्त की जीवनलीला, साढ़े छह माह पहले हुआ था विवाह! एक ही सवाल- आखिर क्यों?

रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां ताड़ीखेत ब्लॉक के खुशालकोट गांव में नवविवाहित दंपत्ति संदिग्ध हालात में फंदे से लटके मिले। नवविवाहित दंपत्ति के इस आत्मघाती कदम से जहां परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में मातम पसरा है। किसी को समझ नहीं आ रहा कि ये क्या हो गया। लोगों के मन में एक ही सवाल बार-बार उठ रहा है कि आखिर नवविवाहित जोड़े ने ऐसा कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर खुशालकोट निवासी देवकी देवी घर लौटीं और उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद पाया। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने दरवाजा खोला तो उनके होश उड़ गए। उनका 31 वर्षीय बेटा कमल सिंह नेगी और उसकी पत्नी 24 वर्षीय सरिता नेगी फंदे पर लटके थे। देवकी के शोर मचाने पर गांव वाले मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी राजस्व उप निरीक्षक कुबेर सिंह मेहरा को दी। सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय रानीखेत भेजा। राजस्व पुलिस मामले की जांच कर रही है।
साढ़े छह माह पहले हुआ था विवाह
नैनीताल जिले के सिमलखा की सरिता जलाल का विवाह अल्मोड़ा के ताड़ीखेत ब्लॉक के खुशालकोट निवासी कमल सिंह नेगी से 29 अप्रैल 2024 को हुआ था। सात जन्मों का साथ महज साढ़े छह महीनों में ही छूट गया। दिवाली पर कमल सिंह लुधियाना से घर लौटा था। वह एक होटल में नौकरी करता था, जबकि सरिता गृहिणी थी। जवान बेटे और बहू की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। देवकी देवी बेटे और बहू को बार-बार पुकार कर बेहोश हो जा रही है।