पहली बार फफक-फफक कर रोया नॉर्थ कोरिया का तानाशाह! घुटनों पर बैठकर किम जोंग उन ने शहीद की बेटी को लगाया गले, दृश्य देख हर आंख हुई नम
नई दिल्ली। यूं तो नॉर्थ कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन को दुनियाभर में एक क्रूर तानाशाह के रूप में जाना जाता है, लेकिन हाल ही में नॉर्थ कोरिया से कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें देखकर हर कोई हैरान है। दरअसल, इन तस्वीरों में तानाशाह किम जोंग उन की आंखें नम हैं और वह घुटनों पर बैठकर आंसू बहाते नजर आ रहे हैं। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह फफक-फफक कर रोते दिख रहे हैं। खबरों के मुताबिक यह किम जोंग उन उस समय बेहद भावुक हो गए, जब वह रूस के लिए जंग लड़ते समय यूक्रेन में मारे गए उत्तर कोरियाई सैनिकों को श्रद्धांजलि दे रहे थे। इस दौरान किम जोंग उन को अपने आंसू छलकाते देखा गया। एक वीडियो में वह घुटनों पर बैठकर शहीदों की फोटो पर तमगा लगा रहे हैं और इस दौरान वह भी रो पड़ते हैं। एक अन्य दृश्य में वह एक शहीद सैनिक की छोटी बच्ची का बैठकर माथा चूमते हैं और भावुक हो जाते हैं।
इस दौरान अन्य सभी मौजूद लोग भी रोने लगते हैं। बता दें कि यूक्रेन के खिलाफ जंग लड़ने के लिए किम जोंग ने अपने दोस्त पुतिन की मदद में हजारों उत्तर कोरियाई सैनिक भेजे थे। यूक्रेन के खिलाफ युद्ध लड़ते हुए इनमें से सैकड़ों सैनिक मारे गएए जिनका शव बाद में रूसी विमानों के जरिये उत्तर कोरिया भेजा गया। यह दृश्य देख किम जोंग उन भावुक हो गए। किम जोंग उन ने कुर्स्क क्षेत्र में हुए सैन्य अभियान में भाग लेने वाले सैनिकों को उनकी वीरता और महान निस्वार्थता को सराहते हुए सम्मानित भी किया। खबरों के अनुसार डीपीआरके (उत्तर कोरिया) के लड़ाकों ने पूरी दुनिया के सामने कोरियाई लोगों की अदम्य भावना और कोरियाई सेना की असाधारण युद्ध क्षमताओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में भाग लेने वालों ने यूक्रेनी सशस्त्र बलों के खिलाफ विशेष अभियान में भाग लेने वाले मारे गए उत्तर कोरियाई सैनिकों की याद में एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। किम जोंग उन ने कहा कि इस विदेशी सैन्य अभियान में भाग लेने वाले सभी सैनिकों ने ‘महान कारनामे’ किए, जो डीपीआरके के इतिहास में दर्ज किए जाएंगे। कोरियन पीपल्स आर्मी के सैनिकों और कमांडरों ने ‘हमारे देश के अस्तित्व और विकास की एक ठोस गारंटी’ बनाई।