नेशनल गेम्स: रेस वॉक में एथलीटों ने रचा इतिहास! उत्तराखंड के सूरज समेत देश के छह खिलाड़ियों ने तोड़ा रिकॉर्ड, खेल विशेषज्ञों ने जताई खुशी

देहरादून। उत्तराखण्ड में नेशनल गेम्स जारी हैं। इस बीच आज मंगलवार को 20 किलोमीटर रेस वॉक में उत्तराखंड के सूरज पंवार सहित देश के छह खिलाड़ियों ने इतिहास रचा। उन्होंने 14 साल बाद राष्ट्रीय खेलों का रिकाॅर्ड तोड़ा। जो 2011 में झारखंड के गुरमीत सिंह के नाम दर्ज था। गुरमीत ने तब एक घंटा 23 मिनट 26 सेकंड में रेस पूरी कर यह रिकॉर्ड बनाया था। नया रिकाॅर्ड अब सर्विसेज के सर्विन सेबस्टियन के नाम दर्ज हुआ है। सर्विन सेबस्टियन ने एक घंटा 21 मिनट 23 सेकंड में रेस पूरी कर यह रिकाॅर्ड बनाया है। राष्ट्रीय खेलों की 20 किलोमीटर रेस वॉक स्पर्धा में सर्विसेज के सर्विन सेबस्टियन, उत्तराखंड के सूरज पंवार, पंजाब के अमनजोत सिंह, सर्विसेज के परमजीत सिंह, उत्तर प्रदेश के राम बाबू और राजस्थान के मुकेश निठारवाल ने गुरमीत सिंह के 2011 के रिकॉर्ड को तोड़ा। एक साथ छह एथलीटों के 14 साल पुराने रिकाॅर्ड को तोड़ने पर जानकारों का कहना है कि इस रिकाॅर्ड के टूटने से भारतीय एथलेटिक्स में नई ऊर्जा आई है। इस दौरान 20 किलोमीटर रेस वॉक में सर्विसेज के सर्विन सेबस्टियन को स्वर्ण, उत्तराखंड के सूरज पंवार को रजत और पंजाब के अमनजोत सिंह को कांस्य पदक मिला।