नैनीताल:40 मीटर सड़क बनाने में सालभर क्यों?शहर की लाइफलाइन सड़क पर सुस्ती पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की फटकार,दे डाली चेतावनी
नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोअर मालरोड की मरम्मत में हो रही लगातार देरी पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इस मुद्दे को पहले से उठाते रहे व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन की चिंताओं के बीच अब कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जवाब-तलब किया है और अनुशासनिक कार्रवाई तक की चेतावनी दे डाली है। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग को भेजे पत्र में स्पष्ट किया है कि लोअर मालरोड 15 सितम्बर 2025 से क्षतिग्रस्त पड़ी है। स्वयं आयुक्त दो बार स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं, जबकि अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया है, लेकिन इसके बावजूद कार्य की प्रगति बेहद निराशाजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विभाग हर बार कार्य पूरा करने की नई समय-सीमा तय करता है, लेकिन धरातल पर परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। पहले सीजन शुरू होने से पहले सड़क दुरुस्त करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब विभाग ने 45 दिन का अतिरिक्त समय मांग लिया है।
आयुक्त ने सवाल उठाया कि आखिर मात्र 40 मीटर सड़क के पुनर्निर्माण में लगभग एक वर्ष का समय कैसे लग सकता है? उन्होंने इसे प्रशासनिक सुस्ती और कार्य संस्कृति पर गंभीर प्रश्नचिह्न बताते हुए विभाग से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है। दीपक रावत ने कार्यस्थल पर तत्काल सीसीटीवी कैमरे लगाने और उसका लाइव लिंक आयुक्त तथा जिलाधिकारी नैनीताल को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्माण कार्य की वास्तविक समय में निगरानी की जा सके। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षणों के दौरान यह पाया गया कि कई बार स्थल पर अपेक्षित स्तर पर काम ही नहीं हो रहा था। आयुक्त ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि अनावश्यक विलंब जारी रहा तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नैनीताल जैसी पर्यटन नगरी में मुख्य सड़क का इतने लंबे समय तक क्षतिग्रस्त रहना न केवल स्थानीय लोगों बल्कि हजारों पर्यटकों के लिए भी गंभीर असुविधा का कारण बन रहा है। गौरतलब है कि लोअर मालरोड की बदहाल स्थिति और मरम्मत में हो रही देरी का मुद्दा मां नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन भी लगातार उठाते रहे हैं। अब कुमाऊँ आयुक्त की सख्ती के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि लोक निर्माण विभाग तय समय में कार्य पूरा कर पाता है या फिर कार्रवाई की जद में अधिकारी आते हैं।