नैनीतालः सरिताताल झील के ऊपर अवैध निर्माण पर भड़के ग्रामीण! बोले- सत्ताधारी नेताओं के दबाव में हो रहा काम, सिंचाई विभाग को चेताया

Nainital: Villagers angry over illegal construction on Saritatal lake! Said- work is being done under pressure from ruling leaders, warned irrigation department

नैनीताल। सरिताताल क्षेत्र में झील के ऊपर से हो रहे निर्माण को अवैध बताते हुए ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सत्ताधारी नेताओं के दबाव में ये काम हो रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। यही नहीं ग्रामीणों का कहना है कि रात के अंधेरे में निर्माण कार्य कराया जा रहा है, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग को उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने हाल ही में झील के ऊपर से पर्यटन गतिविधि जिपर्लाइन को हटाने की मांग को लेकर सिंचाई विभाग के कार्यालय में जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों का कहना था कि पूर्व में सिंचाई विभाग ने हरीश बिष्ट नामक व्यक्ति को झील के ऊपर जिपलाईन गतिविधि संचालित करने की अनुमति दी थी। आदेश में स्पष्ट लिखा है स्थानीय लोगों की आपत्ति होने पर अनुमति निरस्त हो जाएगी। वर्ष 2024 में स्थानीय लोगों ने झील के ऊपर संचालित हो रही पर्यटन गतिविधि पर रोक लगाई जाने की मांग की थी। लेकिन इसके बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि एक बार फिर से झील किनारे रात को अवैध निर्माण कर अन्य पर्यटन गतिविधियां संचालित किए जाने के लिए निर्माण कार्य हो रहे है जिन पर रोक लगाई जाए। वहीं ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंप कर जल्द से जल्द क्षेत्र में संचालित हो रही जिपर्लाइन पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही अधिशासी अभियंता को चेतावनी दी है कि अगर जिप लाइन की अनुमति के आदेश को निरस्त नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जायेगा।