नैनीताल:दो दिन,दो मौतें!नैनीझील में आज फिर मिला शव,52 वर्षीय व्यक्ति की हुई पहचान,ऑल सेंट्स कॉलेज में कर्मचारी था मृतक

Nainital: Two days, two deaths! Another body was found in Naini Lake today. The deceased was identified as a 52-year-old man. He was an employee at All Saints College.

नैनीताल की नैनीझील में एक बार फिर शव मिलने की घटना से हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह नयना देवी मंदिर के समीप एनसीसी बोट स्टैंड के पास झील में एक 52 वर्षीय व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकाला।

पुलिस द्वारा शव की तलाशी लेने पर मृतक की जेब से करीब चार हजार रुपये बरामद हुए। जांच के दौरान मृतक की पहचान 52 वर्षीय महेंद्र चौहान के रूप में हुई, जो ऑल सेंट्स कॉलेज में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महेंद्र चौहान बीती रात पारिवारिक विवाद के बाद घर से बाहर चले गए थे। परिजनों ने उन्हें देर रात से लेकर सुबह करीब चार बजे तक तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

गौरतलब है कि नैनीझील में लगातार दूसरे दिन किसी व्यक्ति का शव मिलने की घटना सामने आई है। छोटी-छोटी पारिवारिक या व्यक्तिगत परेशानियों के बीच इस तरह जान गंवाने की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। शहरवासियों का कहना है कि ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों, विशेषकर पाषाण देवी मंदिर रोड और ठंडी सड़क मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा समय रहते सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीर पहल की आवश्यकता है।