नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोरों पर!राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समारोह में हो सकती हैं शामिल!
नैनीताल की खूबसूरत वादियों में बसा कुमाऊं विश्वविद्यालय अपने 20वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों में पूरी तरह से जुट गया है। यह भव्य आयोजन 4 जनवरी को होने जा रहा है, जिसमें स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इस समारोह की खास बात यह है कि इसमें देश की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। राष्ट्रपति को दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र भेजा गया है,यदि राष्ट्रपति इस आयोजन में शिरकत करती हैं, तो यह कुमाऊं विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण होगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने बताया कि इस दीक्षांत समारोह में राज्यपाल व कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही, विश्वविद्यालय प्रशासन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की संभावित उपस्थिति को ध्यान में रखकर तैयारियों को और भव्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। प्रो. रावत ने कहा कि राष्ट्रपति का आगमन विश्वविद्यालय के लिए न केवल सम्मान की बात होगी, बल्कि यह छात्र-छात्राओं और पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायक पल होगा।
इस समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा, सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। कुलपति ने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी छात्रों को उनकी डिग्रियां समारोह के दो महीने के भीतर उनके घर तक पहुंचा दी जाएंगी, जैसा कि पिछले वर्षों में भी किया गया था। यह कदम छात्रों के लिए सुविधाजनक और समयबद्ध व्यवस्था को दर्शाता है।

बता दें कि दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारी, प्राध्यापक और कर्मचारी मिलकर इस आयोजन को यादगार बनाने में जुटे हैं। मंच सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत और अन्य सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। खास तौर पर, राष्ट्रपति के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए प्रोटोकॉल और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।