नैनीताल:124वां नंदा देवी महोत्सव की तैयारियों शुरू!मेला 16 से 23 सितंबर तक, मुख्य मेले के दिन शराब की दुकानें रहेंगी बंद,अतिरिक्त बसें और सीसीटीवी निगरानी की होगी व्यवस्था

Nainital: Preparations begin for the 124th Nanda Devi Festival. The fair runs from September 16th to 23rd. Liquor shops will be closed on the main fair day. Additional buses and CCTV surveillance wil

नैनीताल। नैनीताल की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान माने जाने वाले 124वें नंदा देवी मेला महोत्सव का आयोजन इस वर्ष 16 से 23 सितंबर तक किया जाएगा। मेले को भव्य, दिव्य और पूरी तरह स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं के अनुरूप आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, राम सेवा समिति, मंदिर समिति, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

 


बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि नंदा देवी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जनपद की सांस्कृतिक पहचान और लोगों की आस्था का प्रतीक है। इसलिए मेले में आयोजित होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि मेले के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को भी व्यापक मंच उपलब्ध कराया जाए। इसके तहत हाउस ऑफ हिमालया, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनका आवंटन मुख्य विकास अधिकारी की देखरेख में किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने इस बार मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे नगर को आकर्षक विद्युत सज्जा से रोशन करने, विशेष रूप से ठंडी सड़क क्षेत्र में अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में पंडाल, मंच और स्टॉल निर्माण सहित सभी व्यवस्थाओं को पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से समय रहते पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। श्री रामसभा स्थल, मंदिर परिसर और पूरे मेला क्षेत्र में व्यवस्थाएं बेहतर रखने के लिए उपजिलाधिकारी, नगर पालिका और श्री राम सेवा समिति के बीच समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया गया।
मेले के दौरान निकलने वाले डोला मार्गों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका और सिंचाई विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लोअर मॉल रोड को भी मेले से पहले पूरी तरह सुचारु करने को कहा गया। डीएसए मैदान में जलभराव की समस्या दूर करने तथा मेला क्षेत्र में कीचड़ रोकने के लिए आवश्यक निर्माण कार्य कराने के निर्देश ग्रामीण निर्माण विभाग को दिए गए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पालिका को व्यापक सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने तथा पेयजल विभाग को निर्बाध जलापूर्ति, टैंकर और स्टैंड पोस्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मेले के दौरान स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा, जहां आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा पूरे मेला क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं परिवहन विभाग को अतिरिक्त रोडवेज बसों, सुचारु यातायात और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मुख्य मेले के दिन नैनीताल मुख्यालय की सभी ठेका मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि 124वां नंदा देवी मेला जनपद की प्रतिष्ठा और पहचान से जुड़ा आयोजन है। इसे सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।