Sep 20, 2026 Login

नैनीताल:नंदा देवी मेले में हादसा!ट्रेन झूले से गिरी महिला, हाथ में आई गंभीर चोट! हायर सेंटर रेफर

Nainital: Accident at the Nanda Devi Fair! Woman falls from a 'train' ride, sustains a severe hand injury; referred to a higher center.

नैनीताल। नंदा देवी महोत्सव की खुशियों के बीच शनिवार को मल्लीताल खेल मैदान में एक हादसे ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। परिवार के साथ मेला देखने पहुंची एक महिला ट्रेन झूले से नीचे गिर गई। हादसे में उसके हाथ में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायल महिला की पहचान ज्योति बिष्ट, निवासी फेज-2, बिठौरिया, हल्द्वानी के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ नंदा देवी महोत्सव में शामिल होने नैनीताल पहुंची थीं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मेला परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

बीडी पांडे अस्पताल के सर्जन डॉ. प्रशांत ओली के मुताबिक, महिला के हाथ में चोट आई है और इसके लिए सर्जरी की आवश्यकता है। महिला को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान महिला के साथ मौजूद बच्चा सुरक्षित रहा और उसे किसी तरह की चोट नहीं आई

हादसे के बाद झूले की संचालन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे है। वहीं, झूला संचालक की ओर से महिला के सेल्फी लेने के दौरान संतुलन बिगड़ने की बात कही गई है। ऐसे में हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। 

मेले में लगाए गए झूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस और प्रशासन की निगरानी पर चर्चा शुरू हो गई है। खासकर भीड़भाड़ वाले आयोजन में झूलों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरण और संचालन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन से विस्तृत जांच की मांग की जा रही है।