मसूरी ब्रेकिंगः जिलाधिकारी सविन बंसल का बड़ा एक्शन! नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. आभास सिंह को किया कार्यमुक्त, मिल रही थीं शिकायतें

मसूरी। मसूरी से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां नियमों का उल्लंघन करने पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने नगर पालिका परिषद मसूरी में कार्यरत नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आभास सिंह को उनके मूल पद से जाने के निर्देश दिये हैं। खबरों के मुताबिक ऐसा न करने पर उनकी सेवा बाधित मानी जाएगी और वेतन पर रोक लगाई जाएगी। बताया जाता है कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी की कार्यशैली को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। लोगों को परेशान करने और निकाय चुनाव के दौरान अधिकारियों के बीच कार्य विभाजन में बाधा उत्पन्न करने के आरोप भी लगाए गए थे। मसूरी में वर्ष 2021 से बिना पद सृजन के नियमों के विरुद्ध यह अधिकारी तैनात थे। इससे पहले नगर पालिका परिषद मसूरी के प्रशासक एवं उप जिलाधिकारी ने भी नगर स्वास्थ्य अधिकारी की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे। डीएम को इस संबंध में बार-बार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद यह कदम उठाया गया। वहीं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आभास सिंह का कहना है कि उन्हें इस तरह के किसी आदेश की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अभी छुट्टी पर हैं सोमवार को नगरपालिका कार्यालय जायेंगे, जिसके बाद उनके द्वारा जिलाधिकारी के द्वारा दिये गए निर्देशों का अवलोकन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि शासन से उनकी मूल पद पर ही मसूरी में तैनाती है, यहां उनकी कोई संबंद्धता नहीं है।