आसमान में होगा चमत्कारः लाइन में लगकर 6 ग्रह करेंगे परेड, जानें क्या भारत में दिखेगा दुर्लभ नजारा?

Miracle will happen in the sky: 6 planets will line up and parade, know whether this rare sight will be seen in India?

नई दिल्ली। आगामी 21 से 31 जनवरी के बीच आसमान में एक दुर्लभ खगोलीय नजारा देखने को मिल सकता है। खबरों की मानें तो इस दौरान बिना दूरबीन के रात को आकाश में एक साथ छह ग्रह शुक्र, मंगल, बृहस्पति, शनि, यूरेनस और नेपच्यून देखे जा सकते हैं। इस अद्भुत घटना को ‘ग्रहों की परेड’ कहा जाता है। हालांकि यह सिर्फ पृथ्वी से देखने पर ऐसा प्रतीत होता है कि ये ग्रह एक पंक्ति में हैं, जबकि अंतरिक्ष में वे वास्तव में पंक्तिबद्ध नहीं होते। यदि दूरबीन का उपयोग किया जाए, तो यह दृश्य और भी स्पष्ट दिखाई देगा। इसके अलावा 8 मार्च को सभी सात ग्रह मंगल, बृहस्पति, यूरेनस, शुक्र, नेपच्यून, शनि और बुध भी एक पंक्ति में नजर आएंगे, जो एक और रोमांचक खगोलीय दृश्य होगा। खबरों की मानें तो करीब 4 हफ्तों तक यह नजारा दिखाई देगा। 
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मंगल, बृहस्पति और यूरेनस ग्रह रातभर आसमान में रहेंगे और फिर अस्त होने लगेंगे। मंगल ग्रह सूर्योदय से ठीक पहले सबसे आखिर में अस्त होगा। हालांकि अब से पहले भी ग्रह एक लाइन में परेड कर चुके हैं, लेकिन जनवरी 2025 में होने वाली यह खगोलीय घटना काफी अहम होगी, क्योंकि यह लंबे समय तक दिखाई देती रहेगी। 21 जनवरी से फरवरी के आखिर तक धरतीवासी ग्रहों को निहार सकेंगे। शनि, बुध और नेपच्यून अस्त होने के समय सूर्य के बहुत करीब होंगे। मार्च की शुरुआत में इन ग्रहों की दृश्यता कम हो जाएगी, क्योंकि बुध, शनि और नेपच्यून सूर्य के बहुत करीब चले गए होंगे। जल्द ही शुक्र भी कम दिखाई देने लगेगा। बृहस्पति, मंगल और यूरेनस अगले कुछ हफ़्तों तक वहीं रह जाएंगे।
खबरों के मुताबिक जनवरी 2025 में होने वाली ग्रहों की यह परेड लगभग पूरी धरती पर दिखाई देगी। न केवल अमेरिका में, बल्कि मैक्सिको, कनाडा और भारत में भी लोग इस दुर्लभ नजारे को देख सकेंगे। वही इस नजारे को देखने का सबसे अच्छा समय 21 जनवरी 2025 और 21 फरवरी 2025 के बीच होगा। अमावस के दिनों में 29 जनवरी 2025 का सप्ताह ग्रहों की परेड देखने के लिए सबसे आदर्श समय होगा।