‘मेलोडी’ से गरमाई सियासतः इटली में पीएम मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को दिया खास तोहफा! राहुल गांधी बोले- आर्थिक तूफान सर पर है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे
नई दिल्ली/रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे के दौरान दिया गया एक हल्का-फुल्का तोहफा अब देश की राजनीति में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को पीएम मोदी द्वारा भेंट किया गया ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए इसे गंभीर राष्ट्रीय चुनौतियों के बीच ‘नौटंकी’ करार दिया है। दरअसल, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर 12 सेकंड की एक वीडियो क्लिप साझा की, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नजर आ रही हैं। वीडियो में मेलोनी मुस्कुराते हुए कहती हैं, “प्रधानमंत्री मोदी हमारे लिए बहुत अच्छा गिफ्ट लेकर आए हैं। ये टॉफियां हैं जो बहुत स्वादिष्ट हैं।” इसके बाद पीएम मोदी अपने हाथ में मौजूद टॉफी का पैकेट कैमरे की तरफ दिखाते हैं, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘मेलोडी’ लिखा होता है। यह देखते ही दोनों नेता खिलखिलाकर हंस पड़ते हैं। मेलोनी ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “गिफ्ट के लिए धन्यवाद।” इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और #Melodi एक बार फिर चर्चा में आ गया। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की दोस्ताना तस्वीरों और वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर पहले से ही #Melodi हैशटैग ट्रेंड करता रहा है। यह हैशटैग दोनों नेताओं के नाम ‘मेलोनी’ और ‘मोदी’ को जोड़कर बनाया गया है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी द्वारा मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी भेंट करना इसी वायरल ट्रेंड की ओर एक मजाकिया और दोस्ताना इशारा था। हालांकि इस वीडियो को लेकर देश में सियासी घमासान भी शुरू हो गया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए लिखा, “आर्थिक तूफान सर पर है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं।” राहुल गांधी ने कहा कि देश का किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी गंभीर आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री हंसते हुए वीडियो बना रहे हैं और भाजपा नेता तालियां बजा रहे हैं। उन्होंने इसे “नेतृत्व नहीं, नौटंकी” बताया। राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा, “नरेंद्र मोदी जी ने पिछले तीन महीनों में देश की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए जो कदम उठाने चाहिए थे, वे नहीं उठाए। इसके उलट, वे मेलोनी जी के साथ टॉफी खा रहे हैं और वीडियो बना रहे हैं, जैसे सब मजाक चल रहा हो।” उन्होंने आगे कहा कि जब आर्थिक संकट आएगा, महंगाई बढ़ेगी, पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छूने लगेंगे और किसानों को खाद नहीं मिलेगी, तब प्रधानमंत्री हाथ जोड़कर कहेंगे कि अगर गलती है तो उन्हें फांसी पर चढ़ा दिया जाए। राहुल गांधी के इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक मंच पर भारत की साख मजबूत कर रहे हैं और मित्र देशों के नेताओं के साथ उनके सहज रिश्ते भारत की कूटनीतिक ताकत को दर्शाते हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि विपक्ष हर सकारात्मक पहल का राजनीतिकरण करने में जुटा है।