रांची में बड़ा हादसा: झारखंड प्रीमियर लीग के फाइनल में मची भगदड़, जेएससीए स्टेडियम का गेट टूटते ही गिरे कई दर्शक

Major incident in Ranchi: Stampede at Jharkhand Premier League final; several spectators fell as JSCA Stadium gate collapsed.

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। झारखंड प्रीमियर लीग  टी-20 के फाइनल मुकाबले के दौरान अचानक उमड़ी हजारों दर्शकों की बेकाबू भीड़ के कारण स्टेडियम के वेस्ट गेट पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस हादसे में कई क्रिकेट प्रेमी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। शुरुआती तौर पर तीन लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही थी, हालांकि चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार अब सभी की स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर है।

वही प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल टी-20 क्रिकेट लीग के फाइनल मैच के लिए आयोजकों द्वारा प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क (फ्री एंट्री) रखा गया था। यही वजह रही कि दोपहर से ही रांची और आसपास के इलाकों से हजारों क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचने लगे। शाम होते-होते वेस्ट गेट पर दर्शकों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची। जैसे-जैसे मैच शुरू होने का समय नजदीक आता गया, वैसे-वैसे गेट पर दबाव बढ़ता गया और कतारें पूरी तरह टूट गईं। मैच शुरू होने से ठीक पहले जब हजारों लोग एक साथ स्टेडियम के अंदर घुसने का प्रयास करने लगे, तब मुख्य द्वार पर भारी दबाव के कारण धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और आगे खड़े कई लोग संतुलन खोकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद पीछे से आ रही भीड़ उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ने लगी, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। घटना की भयावहता को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और निजी सुरक्षा गार्डों ने तुरंत मोर्चा संभाला। स्थिति को बिगड़ने से रोकते हुए सुरक्षाबलों ने सूझबूझ से भीड़ को हटाया और जमीन पर गिरे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घाटस्थल पर तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना मिलते ही रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ जेएससीए स्टेडियम पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी राकेश रंजन ने मीडिया को बताया कि यह दुखद घटना अत्यधिक भीड़ और एक ही समय पर प्रवेश की होड़ के कारण हुई। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मैच को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। इस घटना ने इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पुख्ता करने के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसएसपी ने कहा कि पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि प्रवेश द्वार पर भीड़ को नियंत्रित करने में कहाँ और किससे चूक हुई। प्रशासन ने भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एंट्री मैनेजमेंट और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की बात कही है। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर स्टेडियम के चारों ओर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।