ऊधम सिंहं नगर पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 18 अफसरों के हुए तबादले,थाने-चौकियों के बदले प्रभारी
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, चुस्त-दुरुस्त और मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जिले की कानून-व्यवस्था को नया आधार देने के लिए एसएसपी ने एक निरीक्षक और 17 उपनिरीक्षकों (SI) समेत कुल 18 पुलिस अधिकारियों के ताबड़तोड़ स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं।
एसएसपी अजय गणपति द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने स्थानांतरित सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अविलंब अपने-अपने नए कार्यस्थल पर पहुंचकर पदभार ग्रहण करने के सख्त निर्देश दिए हैं। जारी प्रशासनिक आदेश के अनुसार, अब तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में संबद्ध रहे निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए प्रभारी निरीक्षक आईटीआई थाना बनाया गया है। वहीं, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाने वाली एसओजी रुद्रपुर की कमान उपनिरीक्षक रवींद्र सिंह को सौंपी गई है, जिन्हें थाना दिनेशपुर से स्थानांतरित कर यहाँ लाया गया है। इसके अलावा, एसओजी में तैनात रहे उपनिरीक्षक उमेश कुमार को थाना पुलभट्टा और वैभव कौशिक को एसओजी से स्थानांतरित कर चौकी एसरा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। तबादला सूची के अनुसार, जिले के कई महत्वपूर्ण थानों और चौकियों की जिम्मेदारी में फेरबदल किया गया है। उपनिरीक्षक फक्कन कुमार को चौकी एसरा से स्थानांतरित कर थाना दिनेशपुर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। कोतवाली बाजपुर से उपनिरीक्षक विक्रम सिंह पंवार को चौकी पेंगा का प्रभारी बनाया गया है, जबकि पुलिस लाइन से जसबिन्दर सिंह को कोतवाली बाजपुर भेजा गया है। गोविंद मेहता को चौकी प्रतापपुर से स्थानांतरित कर चौकी गढ़ी नेगी का प्रभारी बनाया गया है, वहीं मनोज पांडे को पुलिस लाइन से हटाकर चौकी महतोष की जिम्मेदारी दी गई है। विमल लटवाल को पुलिस लाइन से चौकी बगवाड़ा का प्रभारी बनाया गया है। धीरज वर्मा को थाना पुलभट्टा से हटाकर चौकी बरा का प्रभार सौंपा गया है। शिवांशु चौधरी को कोतवाली रुद्रपुर से बाजार चौकी जसपुर भेजा गया है, जबकि देवेंद्र सिंह को पुलिस लाइन से चौकी प्रतापपुर का प्रभार मिला है। फेरबदल की इस कड़ी में मदन सिंह बिष्ट को पुलिस लाइन से गदरपुर, सुरेंद्र रिंगवाल को चौकी बगवाड़ा से कोतवाली सितारगंज और अनवर अहमद को पुलिस लाइन से थाना नानकमत्ता भेजा गया है। इसके साथ ही बसंत बल्लभ भट्ट को पुलिस लाइन से थाना आईटीआई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर, थाना पुलभट्टा में तैनात उपनिरीक्षक प्रदीप मिश्रा को स्थानांतरित कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय भेजा गया है। एसएसपी अजय गणपति के इस बड़े कदम को जिले में बढ़ते अपराधों पर नकेल कसने और पुलिस तंत्र की कार्यकुशलता में सुधार लाने की दिशा में एक अहम मोड़ माना जा रहा है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जनहित में पुलिस सेवाओं को सुलभ बनाना और कानून-व्यवस्था को अभेद्य रखना पहली प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों को नए तैनाती स्थलों पर तत्काल प्रभाव से काम संभालने के निर्देश दिए गए हैं।