पंजाब में भीषण सड़क हादसा: फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी,6 लोगों की मौत, 9 घायल
फतेहगढ़ साहिब | पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में देर रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। श्री आनंदपुर साहिब में बैसाखी मेले के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक मिनी बस अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई और पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 9 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव मैन माजरी (फतेहगढ़ साहिब) के करीब 40 श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेकने गए थे। खुशियों भरा यह सफर उस वक्त मातम में बदल गया जब हलका बस्सी पठाना के गांव हिम्मतपुरा (भटेड़ी) के पास बस में अचानक कोई तकनीकी खराबी आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार सामान्य थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस पूरी तरह पलट गई और चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फतेहगढ़ साहिब के एसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत घायलों को बस से निकालकर मोरिंडा और फतेहगढ़ साहिब के अस्पतालों में भर्ती कराया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से कुछ की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। इस हादसे ने गांव मैन माजरी को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है। एक ही गांव के छह लोगों की मौत की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया है। बताया जा रहा है कि कुछ परिवारों ने इस हादसे में अपने एक से अधिक सदस्यों को खो दिया है। स्थानीय विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।