उत्तराखण्ड में मौसम के तल्ख तेवर! 7 और 8 मई के लिए रेड अलर्ट जारी, चारधाम यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील

 Harsh weather in Uttarakhand! Red alert issued for 7 and 8 May, Chardham pilgrims appealed to be cautious

देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम के तल्ख तेवरों को देखते हुए शासन-प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही अनेक जगह आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की भी चेतावनी है। मौसम विभाग के मुताबिक गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में अधिकांश जगह बारिश होने का अनुमान है, वहीं  कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में अधिकांश जगह बारिश हो सकती है। इसके साथ ही इस पूरे हफ्ते के मौसम का अनुमान भी मौसम विज्ञान केंद्र ने जारी किया है। इस अनुमान के अनुसार 11 मई तक राज्य में लगातार बारिश होगी। 7 और 8 मई को भी बारिश का तेज-तर्रार रुख जारी रहेगा। 9, 10 और 11 मई को भी पूरे राज्य में बारिश होगी, लेकिन उसकी मात्रा थोड़ा कम हो सकती है। उत्तरकाशी जिले के लिए 7 और 8 मई को रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम के मिजाज को देखते हुए चारधाम यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। उनको मौसम का अपडेट लेकर ही आगे बढ़ने की सलाह दी गई है। दरअसल उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री और गंगोत्री धाम हैं। यहां 7 और 8 मई को बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी है। चूंकि ये इलाके दुर्गम हैं तो लैंडस्लाइड और नालों के ओवर फ्लो होने से मार्ग भी बंद होने का डर रहता है। वहीं केदारनाथ धाम रुद्रप्रयाग जिले में है, यहां भी लैंडस्लाइड का खतरा कई जगह यात्रा मार्ग पर होता है। बदरीनाथ धाम चमोली जिले में है। ये रास्ता भी जगह-जगह लैंडस्लाइड के खतरों से भरा है।