नैनीताल:हल्द्वानी में पहली बार होगा अधिवक्ताओं का प्रांतीय महाकुंभ! केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री सहित देशभर के विधि विशेषज्ञ,न्यायविद और शोधार्थी करेंगे सहभागिता

Haldwani will host the first ever Provincial Mahakumbh for Advocates! Legal experts, jurists, and researchers from across the country will participate.

हल्द्वानी। अधिवक्ता परिषद देवभूमि का प्रथम प्रांतीय अधिवेशन 27 और 28 जून को एफटीआई, हल्द्वानी में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस अधिवेशन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ देशभर से अधिवक्ता, विधि विशेषज्ञ, न्यायविद, शोधार्थी और विधि के विद्यार्थी भाग लेंगे। अधिवेशन में न्याय व्यवस्था, विधिक सुधार और अधिवक्ताओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन होगा।

प्रदेश अध्यक्ष जानकी सूर्या ने बताया कि अधिवेशन का शुभारंभ 27 जून को उद्घाटन सत्र से होगा, जबकि 28 जून को विभिन्न बौद्धिक, संगठनात्मक एवं वैचारिक सत्रों के बाद समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन संगठन के विस्तार, अधिवक्ताओं के बौद्धिक विकास और न्याय व्यवस्था से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर गंभीर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

अधिवेशन में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इसके अलावा सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता एस.डी. अवस्थी, फॉरेन्सिक विभाग के अपर निदेशक सत्यप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री हरि बोरेकर तथा क्षेत्रीय संयोजक विपिन कुमार त्यागी सहित कई विशिष्ट वक्ता विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे।

फॉरेन्सिक विभाग के अपर निदेशक सत्यप्रकाश आधुनिक फॉरेन्सिक विज्ञान, वैज्ञानिक साक्ष्यों के न्यायिक महत्व, अपराध अन्वेषण में नई तकनीकों के उपयोग और न्यायालयीन कार्यवाही में फॉरेन्सिक साक्ष्यों की भूमिका पर विशेष व्याख्यान देंगे, जिससे अधिवक्ताओं और अन्य प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी प्राप्त होगी।

दो दिवसीय अधिवेशन में विधिक सुधार, अधिवक्ताओं की गुणवत्ता एवं क्षमता विकास, विधिक अनुसंधान, न्यायिक सुधार, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अधिवक्ताओं की जिम्मेदारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

जानकी सूर्या ने बताया कि अधिवेशन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों के आवास, भोजन, पंजीकरण और परिवहन सहित सभी व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने प्रदेश के अधिवक्ताओं, विधि के विद्यार्थियों और विधि व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अधिवेशन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की।

इस अवसर पर उच्च न्यायालय इकाई के महामंत्री अनिल कुमार जोशी, उपाध्यक्ष (लिटिगेशन) तपन सिंह, विशेष आमंत्रित सदस्य पुष्पा भट्ट, संजीव कुमार मंडल, हल्द्वानी नगर इकाई के अध्यक्ष पियूष तिवारी, महामंत्री चंदन मेहता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प दोहराया।