बंगलूरू। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कर्नाटक दौरा विकास, अध्यात्म और राष्ट्रसेवा का एक अनूठा संगम बनकर उभरा है। अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने जहां एक ओर बेंगलुरु वासियों को 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की ऐतिहासिक सौगात दी, वहीं दूसरी ओर एस-व्यासा के आवासीय मुख्यालय 'प्रशांति कुटीरम' के स्वर्ण जयंती समारोह में शिरकत कर योग और भारतीय संस्कृति की वैश्विक ताकत को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कर्नाटक दौरे के दौरान बंगलूरू स्थित स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यासा) के आवासीय मुख्यालय परिसर ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने योग, आध्यात्मिक साधना, सामाजिक सेवा और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को रेखांकित करते हुए संस्थान की 50 वर्षों की यात्रा को असाधारण बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक छोटे से योग केंद्र से शुरू होकर व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप हासिल करना अपने आप में प्रेरणादायक उपलब्धि है। यह यात्रा योग, सेवा और समर्पण के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने डिजिटल माध्यम से ‘गोल्डन जुबली एडमिन ब्लॉक’ की आधारशिला रखी और तिरुवनंतपुरम में एस-व्यासा के नए परिसर की शुरुआत की। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी को भी समर्पित रहा। समारोह में कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने कर्नाटक की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह धरती सदियों से योग और साधना का प्रमुख केंद्र रही है। यहां अनेक योग गुरुओं और विद्वानों ने भारतीय योग परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ इसे वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की इसी गौरवशाली परंपरा के बीच प्रशांति कुटीरम की पांच दशक की यात्रा सेवा और साधना की ऐसी गाथा है, जिसे प्रत्येक भारतीय को जानना चाहिए। उन्होंने एच.वी. शेषाद्रि के विचारों का उल्लेख करते हुए समाज और व्यक्ति के बीच आपसी संबंधों की महत्ता बताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि शेषाद्रि अक्सर कहा करते थे कि जब हम समाज को अपनी दोनों आंखों से देखते हैं, तो समाज भी हमें लाखों आंखों से देखता है। यह विचार जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सेवा, संवेदना और समर्पण का भाव ही समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण को गति देने का आधार है। समारोह में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने एच.वी. शेषाद्रि के संगठनात्मक योगदान और राष्ट्रसेवा को याद किया। उन्होंने बताया कि शेषाद्रि ने संघ के प्रचारक और पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। सरकार्यवाह जैसे अहम दायित्व पर लगातार 13 वर्षों तक रहते हुए उन्होंने अपना जीवन संगठन और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया। होसबाले के अनुसार, शेषाद्रि ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देने, उनका उत्साह बढ़ाने और कठिन परिस्थितियों में उनका मनोबल मजबूत करने के लिए 10 हजार से अधिक पत्र लिखे थे। ये पत्र उनके आत्मीय व्यवहार, संगठन के प्रति प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं के साथ उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाते हैं। उनके विचार और कार्यशैली आज भी संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का माध्यम हैं। प्रधानमंत्री का कर्नाटक दौरा केवल आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहा। बंगलूरू में उन्होंने 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने और कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने का कार्यक्रम भी रखा। इनमें पिंक लाइन मेट्रो, वंदे भारत रेल सेवा और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन प्रमुख रूप से शामिल है। प्रधानमंत्री तवारेकेरे से आईआईएम बंगलूरू मेट्रो स्टेशन तक नई मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाने के साथ स्वयं भी मेट्रो में सफर करेंगे। इसके अतिरिक्त जनसभा को संबोधित कर विकास योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं पर अपनी बात रखेंगे। एचएएल हवाई अड्डे पर पहुंचने पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और राज्यपाल सुधा यादव ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रधानमंत्री का यह दौरा दो महत्वपूर्ण संदेशों को सामने रखता है। एक ओर बंगलूरू की परिवहन व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़े निवेश की पहल है, तो दूसरी ओर योग, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सेवा की परंपरा को सम्मान देने का प्रयास है। प्रशांति कुटीरम की स्वर्ण जयंती ने यह रेखांकित किया कि किसी संस्थान की वास्तविक पहचान केवल उसके विस्तार से नहीं, बल्कि समाज के जीवन में उसके योगदान से बनती है। पांच दशकों की यह यात्रा योग को जनजीवन से जोड़ने और सेवा को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाने की प्रेरक मिसाल के रूप में सामने आई है।






