Good Morning India: आजादी के बाद लाल किले पर पहली बार हुआ वंदे मातरम गान,13वीं बार पीएम मोदी ने फहराया तिरंगा,इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता का भीषण भूकंप, उत्तराखंड में ‘मंच शुद्धिकरण’ पर गरमाई सियासत,आईजी नीलेश भरणे समेत 14 पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री मेडल,लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें 

Good Morning India: 'Vande Mataram' sung at the Red Fort for the first time since independence; PM Modi hoists the Tricolour for the 13th time; massive 7.7 magnitude earthquake in Indonesia; politics

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एकबार फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।

आजादी के बाद लाल किले पर पहली बार हुआ वंदे मातरम गान

पीएम मोदी ने लाल किले पर 13वीं बार फहराया तिरंगा,80वें स्वतंत्रता दिवस पर देश को दिया ‘विकसित भारत’ का मंत्र

दिल्ली-एनसीआर समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, स्वतंत्रता दिवस पर बिगड़ सकता है मौसम का मिजाज

इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता का भीषण भूकंप, सुनामी का अलर्ट जारी; ऊंचे स्थानों पर भाग रहे लोग

भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज: गिल पर 11 साल का रिकॉर्ड बचाने का जिम्मा, कपिल देव के क्लब में शामिल होंगे जडेजा

अयोध्या में सावन झूला मेला आज से शुरू: 10 लाख श्रद्धालु जुटेंगे, 28 अगस्त तक रहेगी उत्सव की धूम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कड़ा संदेश: आतंक को पनाह देने वालों के साथ सिंधु संधि रोकना किसानों के हित में

तड़के ही अंधेरे में लाल किले पहुंचे मेहमान, ‘वंदे मातरम’ और देशभक्ति के रंग में रंगी दिल्ली

80वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी की शुभकामनाएं: देशवासियों से किया ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान

उत्तराखंड में एसआईआर का तीसरा चरण शुरू: 2.84 लाख दावे-आपत्तियां दर्ज, 1.07 लाख मतदाताओं को मिलेगा नोटिस

‘मंच शुद्धिकरण’ पर गरमाई सियासत:कांग्रेस की पदयात्रा, यूथ कांग्रेस ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

उत्तराखंड में मानसून के तीखे तेवर: पिथौरागढ़ और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, दून-नैनीताल समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

आईजी नीलेश भरणे समेत 14 पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री मेडल, 154 को मिलेगा डीजी प्रशस्ति पत्र

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बलिदानी अमित अंथवाल के घर पहुंचे सीएम धामी, परिजनों को किया सम्मानित,बोले- शहीदों का बलिदान देश की अमूल्य धरोहर

हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ-नई दिल्ली। देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मना रहा है। राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह लाल किले पर आयोजित होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ध्वजारोहण कर राष्ट्र को संबोधित करेंगे। लाल किले की प्राचीर से यह उनका 13वां स्वतंत्रता दिवस संबोधन होगा। समारोह से पहले प्रधानमंत्री राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचकर देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद लाल किले पहुंचकर तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि सहित तीनों सेनाओं के प्रमुख और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अनगिनत सेनानियों के साहस, बलिदान और समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपने आज भी देश को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। पीएम ने 140 करोड़ भारतीयों की शक्ति के बल पर विकसित भारत के संकल्प को गति देने का आह्वान किया। इस बार समारोह में एक खास बदलाव भी देखने को मिलेगा। राष्ट्रगान से पहले पहली बार ‘वंदे मातरम्’ के पूरे छह पद गाए जाएंगे। लाल किले को तिरंगे के रंगों वाले फूलों से सजाया गया है। समारोह में स्कूली बच्चों समेत बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे।

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 15 अगस्त को दिल्ली समेत कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की है। आईएनडी  के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत 16 राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के प्रभाव से पूर्वी भारत में बारिश तेज होने की संभावना है, जबकि उत्तर भारत में मानसून सक्रिय बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में 15 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 14 से 19 अगस्त तक भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के बीच बारिश से यातायात, जलभराव और आवाजाही प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम और स्थानीय ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लेने को कहा गया है।

जकार्ता। इंडोनेशिया में शनिवार सुबह शक्तिशाली भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 7.7 रही। इसका केंद्र ईस्ट नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में और जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। तेज झटकों के बाद तटीय इलाकों में दहशत फैल गई। भूकंप के बाद इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने सुनामी की चेतावनी जारी की। अधिकारियों ने तटीय क्षेत्रों और नदी किनारों से लोगों को दूर रहने तथा सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है। संभावित समुद्री लहरों पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल भूकंप से किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रभावित इलाकों में राहत-बचाव दल और सुरक्षाबलों को सतर्क रखा गया है।इंडोनेशिया भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्र है। यह प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित है, जहां टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियों के कारण लगातार भूकंप और ज्वालामुखीय घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद प्रशासन ने तटीय आबादी को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।

गॉल। भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगा। कप्तान शुभमन गिल के सामने श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया के शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखने की चुनौती होगी। भारत ने 2015 के बाद श्रीलंका के खिलाफ कोई टेस्ट नहीं गंवाया है। दोनों टीमों के बीच अब तक 46 टेस्ट खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 22 और श्रीलंका ने सात मुकाबले जीते हैं, जबकि 17 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। श्रीलंका की जमीन पर भी भारत का रिकॉर्ड मजबूत है। टीम इंडिया ने यहां 24 टेस्ट में नौ जीत दर्ज की हैं। भारतीय बल्लेबाजी में गिल, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा पर नजर रहेगी। वहीं, गॉल की स्पिन मददगार पिच पर जडेजा की भूमिका अहम होगी। जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाजी का दारोमदार मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा पर रहेगा। सबसे बड़ी नजर जडेजा पर होगी। वह टेस्ट में 350 विकेट से सिर्फ दो विकेट दूर हैं। यह उपलब्धि हासिल करते ही वह 4000 से ज्यादा रन और 350 विकेट का डबल करने वाले भारत के दूसरे क्रिकेटर बन जाएंगे। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ कपिल देव ने किया है। जडेजा ऐसा करने वाले भारत के पहले स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर भी बनेंगे।

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में शनिवार से सावन झूला मेला शुरू हो रहा है। 15 से 28 अगस्त तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेले के पहले दिन मणिपर्वत पर भगवान राम-सीता का झूला विहार होगा। अयोध्या के विभिन्न मंदिरों से 11 झांकियां शोभायात्रा के रूप में मणिपर्वत पहुंचेंगी। मेले को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को छह जोन और 29 सेक्टर में बांटा गया है। मणिपर्वत क्षेत्र को विशेष रूप से एक जोन और पांच सेक्टर में विभाजित किया गया है। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। पीएसी की 10 कंपनियां, आरएएफ की दो कंपनियां, एटीएस कमांडो और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान भी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। राम मंदिर में भी शनिवार से झूलनोत्सव शुरू होगा। सुरक्षा कारणों से इस बार भगवान झूला बिहारी को कुबेर नवरत्न टीला पर ले जाकर झूलन विहार कराया जाएगा। यहां पेड़ की डाल पर झूला सजाया गया है, जहां श्रद्धालुओं को भगवान को झूला झुलाने का अवसर भी मिलेगा। कनक भवन, राम जन्मभूमि, दशरथ महल और अन्य प्रमुख मंदिरों में भी सावन उत्सव की विशेष छटा देखने को मिलेगी।

नई दिल्ली। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आतंकवाद, राष्ट्रीय सुरक्षा और विकसित भारत के संकल्प को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश के साथ सिंधु जल संधि को निलंबित करना राष्ट्रीय हित और किसानों के हित में उठाया गया जरूरी कदम है। राष्ट्रपति ने आतंकवाद पर भारत की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि आतंकी कहीं भी छिपें, उन्हें अपने कृत्यों का परिणाम भुगतना होगा। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सेनाएं आतंकी ठिकानों पर सटीक और प्रभावी कार्रवाई करने में सक्षम हैं। नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता को भी उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया। अपने संबोधन की शुरुआत राष्ट्रपति ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए की। उन्होंने महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद किया। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का जिक्र करते हुए उन्होंने विस्थापित परिवारों के संघर्ष को भी स्मरण किया। राष्ट्रपति ने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और करीब 59 करोड़ लोग जनधन योजना के जरिए बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े हैं। उन्होंने विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।

नई दिल्ली। 15 अगस्त की सुबह राजधानी दिल्ली में देशभक्ति का अलग ही रंग देखने को मिला। सूरज निकलने से पहले ही लाल किले के बाहर मेहमानों और आमंत्रित लोगों की लंबी कतारें लग गईं। रोजाना जिस वक्त लोग घरों में आराम करते हैं, उसी समय लोग स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा बनने के लिए लाल किले पहुंचने लगे। चारों ओर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष गूंजते रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से देश का नेतृत्व करते हुए ध्वजारोहण और राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस बार समारोह में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का विशेष उत्सव मनाया जा रहा है। साथ ही विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में युवा शक्ति की भूमिका पर भी विशेष जोर रहेगा। समारोह में पहली बार वंदे मातरम् का सामूहिक गायन आकर्षण का केंद्र बनेगा। स्वतंत्रता दिवस को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी है। दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और केंद्रीय एजेंसियों ने लाल किले समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा का व्यापक घेरा तैयार किया है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा कारणों से दिल्ली की सीमाओं पर भी कड़ी पाबंदियां लागू हैं। वाणिज्यिक और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक है, जबकि निजी और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्धारित नियमों के तहत प्रवेश दिया जा रहा है। लाल किले के आसपास सुरक्षा जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व देश के वीर सपूतों के अद्भुत साहस, अथक संघर्ष और मातृभूमि के प्रति उनके अतुलनीय समर्पण की याद दिलाता है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि देश उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता, जिनके संघर्ष की बदौलत भारत को आजादी मिली। उन्होंने देशवासियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाने और उनके सपनों का भारत बनाने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक शक्ति से देश आज विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में विकास की यह यात्रा और तेज होगी तथा भारत नई उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में विकसित भारत के संकल्प को प्रमुखता देते हुए कहा कि देश की तरक्की में हर नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और देशहित के लिए नए संकल्प लेने का अवसर बताया। उन्होंने सभी देशवासियों से एक मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

मुंबई। महाराष्ट्र के चर्चित वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे ने खाद्य सुरक्षा को लेकर एक और कड़ा कदम उठाया है। मिलावटखोरों और खाद्य कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब उनका फोकस स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन सोमवार से स्कूलों के 50 मीटर के दायरे में जंक फूड बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू करेगा। नियमों के मुताबिक स्कूलों के आसपास हाई फैट, हाई शुगर और हाई सॉल्ट वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री प्रतिबंधित है। इसके दायरे में चिप्स, कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट, पिज्जा, बर्गर समेत कई खाद्य पदार्थ आते हैं। एफडीए ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी। अभियान का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र में मोटापा, डायबिटीज जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम से बचाना और पौष्टिक खान-पान के प्रति जागरूक करना है। एफडीए ने अभिभावकों से भी बच्चों को संतुलित और पौष्टिक भोजन के लिए प्रेरित करने की अपील की है। इससे पहले 13 अगस्त को ऑनलाइन खाद्य विक्रेताओं के खिलाफ राज्यव्यापी जांच में 86 स्थानों का निरीक्षण किया गया था। 14 लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि 698 किलो डेयरी उत्पाद और 1,270 किलो अन्य खाद्य सामग्री जब्त की गई। प्रतिबंधित पान मसाला-गुटखा मामले में 10 एफआईआर दर्ज कर नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रशासन के इस अभियान से खाद्य कारोबारियों में हलचल तेज हो गई है।

नई दिल्ली। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए पिछले 12 वर्षों की विकास यात्रा और भविष्य के संकल्पों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस अवधि में 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले और भारत दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ। अपने 13वें स्वतंत्रता दिवस संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के आसपास भारत को वैश्विक स्तर पर ‘फ्रेजाइल-5’ देशों में गिना जाता था, लेकिन बीते 12 वर्षों में देश ने तेज रफ्तार पकड़ी है। उन्होंने दावा किया कि रक्षा उद्योग का उत्पादन चार गुना, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादन सात गुना और रेलवे कोच उत्पादन 21 गुना बढ़ा है। इंटरनेट उपभोक्ताओं की संख्या चार गुना और डिजिटल लेनदेन करीब 100 गुना बढ़े हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धियां देशवासियों के संकल्प, परिश्रम और समर्पण का परिणाम हैं। अब भारत छोटे लक्ष्यों तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने देशवासियों से बड़े सपने देखने और मजबूत संकल्प के साथ उन्हें पूरा करने का आह्वान किया। इस दौरान पीएम मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हर घर तिरंगा और हर मन तिरंगा है। समारोह में ऐतिहासिक क्षण तब आया, जब लाल किले पर पहली बार ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ। इस वर्ष समारोह में 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया गया।

आइए अब नज़र डालते हैं उत्तराखंड की ख़बरों पर-देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण में 2 लाख 83 हजार 890 दावे एवं आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक चली प्रक्रिया के बाद अब 14 अगस्त से तीसरे चरण की शुरुआत हो गई है। इस चरण में आपत्तियों के आधार पर मतदाताओं को नोटिस भेजकर जवाब और प्रमाण मांगे जाएंगे। प्राप्त आवेदनों में फॉर्म-6 के 1.28 लाख, फॉर्म-7 के 1.07 लाख और फॉर्म-8 के करीब 47 हजार आवेदन शामिल हैं। फॉर्म-7 के जरिए जिन 1.07 लाख मतदाताओं के नाम पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं, उन्हें अब नोटिस जारी किया जाएगा। आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति को भी नोटिस देकर अपने आरोप के समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। अधिकतर आपत्तियों में दावा किया गया है कि संबंधित मतदाता अब उस स्थान पर नहीं रहता या वहां का निवासी नहीं है। नोटिस मिलने के बाद मतदाता को अपने नाम और निवास से जुड़े दस्तावेज ईआरओ या एईआरओ के समक्ष प्रस्तुत करने होंगे। बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-10 का नोटिस मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जवाब देना होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने तीसरे चरण को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने दावे-आपत्तियों के निस्तारण में बूथ लेवल एजेंटों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। फॉर्म-6, 7 और 8 को डिजिटाइज करने की प्रक्रिया भी जारी है।

हल्द्वानी। रामलीला मैदान के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर हल्द्वानी में राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस ने सामाजिक समानता और न्याय के समर्थन में पदयात्रा निकालकर बीजेपी पर निशाना साधा। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हल्द्वानी विधायक समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता पदयात्रा में शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर कार्यकर्ताओं ने संविधान, भाईचारे और समानता का संदेश दिया। कांग्रेस का आरोप है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान का शुद्धिकरण किया गया, जो दलित समाज का अपमान है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है और छुआछूत तथा भेदभाव जैसी मानसिकता के लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस मैदान में खड़गे ने रैली को संबोधित किया, उसी स्थान का बाद में शुद्धिकरण किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस ने इसे सामाजिक समानता के खिलाफ मानसिकता का प्रतीक बताया। वहीं, यूथ कांग्रेस ने भी मामले को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया और पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा। संगठन ने माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए AI से बनाए गए कथित वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि दो दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो धरना दिया जाएगा। मामले को लेकर हल्द्वानी की सियासत और गरमा गई है।

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के तेवर अगले दो से तीन दिन और तीखे रहने की संभावना है। शुक्रवार को देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। मैदानी इलाकों में जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए पिथौरागढ़ और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। कुछ स्थानों पर बारिश का दौर अत्यंत तीव्र हो सकता है। देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में भी शनिवार को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज वर्षा के दौर हो सकते हैं। रविवार को मौसम के और अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है। देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस तक गिरा। मौसम विभाग ने लोगों से संवेदनशील पहाड़ी मार्गों और नदी-नालों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के 14 अफसरों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें आईजी एसटीएफ डॉ. नीलेश आनंद भरणे समेत आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को सेवा के आधार पर और छह को विशिष्ट कार्य के लिए पदक प्रदान किए जाएंगे। पदक आज प्रदान किए जाएंगे। सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में आईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे, एएसपी रेवाधर मठपाल, डीएसपी भास्कर लाल शाह, डीएसपी त्रिवेंद्र सिंह राणा, डीएसपी मनीष जस्वाल, इंस्पेक्टर गिरीबर सिंह रावत, इंस्पेक्टर मोहम्मद यासीन और प्लाटून कमांडर दिनेश चंद्र शामिल हैं। विशिष्ट कार्य के लिए इंस्पेक्टर एलआईयू मनोज मनराल और एसआई विनोद कुमार को मरणोपरांत पदक दिया जाएगा। इसके अलावा आईजी सुनील कुमार मीणा, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एएसपी शांतनु पराशर और डीएसपी मनोज असवाल को भी सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर कुल 154 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मान मिलेगा। इनमें 25 को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क सिल्वर, 12 को डीजीपी डिस्क गोल्ड, 89 को विशिष्ट कार्य के लिए डीजीपी सिल्वर डिस्क और 12 को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क गोल्ड प्रदान की जाएगी। 16 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को डीजीपी प्रशस्ति पत्र भी मिलेगा। डीजीपी दीपम सेठ ने सभी सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बलिदानी सैनिक अमित कुमार अंथवाल के भाऊवाला स्थित आवास पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बलिदानी के पिता नागेंद्र प्रसाद अंथवाल से कुशलक्षेम पूछी और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान शहीद के परिवार की आंखें नम हो गईं और माहौल भावुक हो उठा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर सपूतों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद करने का अवसर है। राष्ट्र की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बलिदानियों के परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता रखती है तथा उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पौड़ी गढ़वाल के ग्राम क्वाला निवासी अमित कुमार अंथवाल 9 दिसंबर 2011 को गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे। बाद में उन्होंने 4 पैरा स्पेशल फोर्स में सेवा दी। अप्रैल 2020 में जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकियों के खिलाफ अभियान के दौरान उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया। अभियान में अमित अंथवाल और उनके साथियों ने पांच आतंकियों को मार गिराया, लेकिन इस दौरान पांच जवान बलिदान हो गए। अमित की वीरता और सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री का शहीद परिवार के घर पहुंचना उनके बलिदान को नमन करने का भावुक अवसर बना।

--- समाप्त ---

दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।