Good Morning India: उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग में बढ़ा तनाव, गुरुद्वारे पर निहंगों का कब्जा, पुलिस-आईटीबीपी तैनात, इंटरनेट बंद! दुनिया भर में योग दिवस की धूम! NEET री-एग्जाम आज, एयरफोर्स ने पहुंचाए पेपर! गाजा पर इजरायल ने फिर किए हवाई हमले, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Tension rises in Uttarakhand's Rudraprayag; Nihangs occupy a Gurudwara; Police and ITBP deployed, internet suspended! Yoga Day celebrations in full swing across the globe! NEET re

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज देशभर में योग दिवस मनाया जा रहा है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल में योग दिवस के कार्यक्रम में भाग लेंगे। इधर आज नीट यूजी का री-एग्जाम है। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, रुद्रप्रयाग से बड़ी खबर सामने आई है, यहां कर्णप्रयाग में 16 जून को हुए विवाद के बाद शनिवार को जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में तनाव की स्थिति बन गई जो अभी तक जारी है। पुलिस और आईटीबीपी की टीमें निहंगों को बाहर निकालने की कोशिश में जुटी है, लेकिन वे बाहर आने को तैयार नहीं है। वहीं, क्षेत्र में इंटरनेट सेवा भी बाधित है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निहंगों ने गुरुद्वारे के सेवादार और एक बाबा के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि निहंगों ने एक व्यक्ति को काफी देर तक बंधक बनाए रखा, बाद में छोड़ दिया। घटना के बाद कुछ निहंग गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनके हाथों में पत्थर भी थे, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि निहंगों की नाराजगी कर्णप्रयाग में हुई घटना को लेकर थी। उनका आरोप है कि उस मामले में स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधन ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं की। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने नगरासू गुरुद्वारे में विरोध जताया। स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि उन्होंने गुरुद्वारे में लगे कुछ सूचना पट्ट भी हटा दिए। फिलहाल मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल और आईटीबीपी के जवान भी तैनात किए गए हैं।

इधर दुनिया भर में आज इंटरनेशनल योग दिवस मनाया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’है। योग दिवस के इस खास अवसर पर पीएम मोदी कोलकाता में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह कोलकाता में रेड रोड पर 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्र का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कोलकाता में योग दिवस के कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में हिमालय से लेकर हिंद महासागर तक, पूर्व में नॉर्थ-ईस्ट और बंगाल से लेकर पश्चिम में सौराष्ट्र तक, पूरा देश योग की ऊर्जा से भरा हुआ लग रहा है। देश के कोने-कोने से लेकर वैश्विक स्तर पर आज योग की धूम है। केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों से लेकर आम जनता तक, हर कोई इस खास मौके पर योग के रंग में रंगा नजर आ रहा है। योग दिवस के मौके पर भारत-पाकिस्तान की अंतर्राष्ट्रीय सरहद (अमृतसर, अटारी बॉर्डर) पर भी योग सत्र का आयोजन किया गया। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अधिकारियों और जवानों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग किया।

उधर पेपर लीक के विवादों के बाद आज देश के 564 शहरों में NEET-UG 2026 की परीक्षा दोबारा आयोजित की जा रही है। इस ऐतिहासिक री-एग्जाम में देश और विदेश के केंद्रों को मिलाकर कुल 22.79 लाख से अधिक छात्र बैठ रहे हैं। सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था में अभूतपूर्व बदलाव किए गए हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए पहली बार भारतीय वायुसेना की मदद ली है। एयरफोर्स के हेलिकॉप्टरों और विमानों ने 200 से अधिक उड़ानें भरकर पेपर देश के विभिन्न स्ट्रॉन्ग रूम और सेंटर्स तक सुरक्षित पहुंचाए हैं। पूरे देश में 2 लाख से अधिक सुरक्षा और परीक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। 

इधर गाजा पट्टी पर शनिवार को इजरायल ने फिर बड़ा हमला कर दिया है। इजरायल द्वारा किए गए हवाई हमलों में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें दो बच्चे और समाचार चैनल अल जज़ीरा का एक कैमरामैन भी शामिल है। यह जानकारी फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने दी। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 2 बजे गाजा सिटी में एक अपार्टमेंट को निशाना बनाकर हवाई हमला किया गया। हमले के बाद इमारत का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। घटनास्थल पर मौजूद पत्रकारों ने खून से सने कंक्रीट के टुकड़े और मलबे के ढेर देखे। इजरायल के हमले से दो सगी बहनों की जान चली गई। इसमें एक 4 साल की ज़िना और 14 साल की लाना है। दोनों मासूमों के शवों को शिफा अस्पताल के मुर्दाघर भेजा गया। उनके चचेरे भाई मोहम्मद सफादी, जिनके माथे पर चोट लगी। उन्होंने कहा, 'मैं घर पर बैठा था। बिना किसी वॉर्निंग के रॉकेट हम पर आ गिरा।' उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी भी घायल हो गईं।

उधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। दरअसल, ट्रंप ने आज (शनिवार को) एक बार फिर दोहराया कि जी-7 समिट में मेलोनी ने उनसे साथ में फोटो खिंचवाने की मांग की थी। इसके साथ ही, ट्रंप ने इस बात पर नाराजगी जाहिर की थी कि इटली ने उन्हें ईरान से जंग के दौरान अपनी लैंडिंग स्ट्रिप का इस्तेमाल नहीं करने दिया। इसके बाद, अब जॉर्जिया मेलोनी ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए ट्रंप के आरोपों का करारा जबाव दिया है। जॉर्जिया मेलोनी ने अपने पोस्ट में लिखा, 'राष्ट्रपति ट्रंप, ये लगातार और बिना किसी वजह के किए जा रहे हमले बेमतलब हैं। जहां तक मेरी लोकप्रियता की बात है, तो आपके दोस्त होने से इसमें कोई मदद नहीं मिली है, और न ही यह आपके साथ मेरे रिश्तों पर निर्भर करती है। मेरी लोकप्रियता इटली के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने की मेरी क्षमता पर निर्भर करती है और मैंने हमेशा यही किया है।' मेलोनी ने आगे लिखा, 'इटली में अमेरिकी सैन्य अड्डों के मामले में भी मैंने यही किया। उनके इस्तेमाल से जुड़े समझौतों का हमने हमेशा सम्मान किया है और जब तक मैं प्रधानमंत्री हूं, उनका उल्लंघन नहीं किया जा सकता। इटली एक संप्रभु देश है। वैसे भी, मेरी लोकप्रियता आपकी चिंता का विषय नहीं है। मेरा सुझाव है कि आप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें।'

उधर आंध्र प्रदेश के अनंतपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मंदिर की दानपेटी में मिला 20 रुपए का नोट चर्चा में बना हुआ है। दरअसल इस 20 रुपए के नोट में चढ़ाने वाले ने ये प्रार्थना लिखी है कि मेरी आंटी मर जाएं। मामला अनंतपुर जिले के आत्माकुर मंडल के पंपानूर गांव का है। यहां एक भक्त ने भगवान को चढ़ाए गए नोट पर अपनी आंटी की मौत की प्रार्थना लिखी। मिली जानकारी के मुताबिक, अधिकारी जब मशहूर सुब्रह्मण्येश्वर स्वामी मंदिर की दान पेटी से मिले चढ़ावे की गिनती कर रहे थे, तभी उन्हें दान में एक 20 रुपये का एक नोट मिला जिस पर हाथ से लिखा हुआ एक संदेश था। इस संदेश में कहा गया था- "स्वामी, मैं अपनी आंटी की प्रताड़ना और परेशान करने वाली हरकतों को अब और बर्दाश्त नहीं कर सकता। कृपया सुनिश्चित करें कि वह जल्द ही मर जाए।"

इधर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम के मिजाज में फिर बदलाव हो रहा है। अगले पांच दिनों के दौरान जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान तक गरज और चमक के साथ बारिश होने और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून के चलते भारी से भारी बारिश होने और आंधी आने की भी संभावना है। कुछ राज्यों में कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, वायुमंडल की निचली परत पर पंजाब से बिहार तक एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इन मौसम संबंधी प्रणालियों के चलते जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले सप्ताह में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देहरादून में स्वयं को मंदिर का महंत और पुजारी बताने वाले राहुल थापा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उसके खिलाफ ठगी और धोखाधड़ी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। अब प्रेमनगर क्षेत्र की एक महिला ने राहुल थापा पर काला जादू, बुरे साये और परिवार पर संकट का भय दिखाकर विशेष पूजा-पाठ और हवन के नाम पर दो लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पूर्व में राहुल थापा के खिलाफ एक महिला से करोड़ों का 65 तोला सोना और एक पूर्व सैनिक से छह लाख ठगने की शिकायत मिली थी। प्रेमनगर पुलिस को दी गई शिकायत में सीमा तलवार निवासी विंग नंबर छह निकट आकाश डेयरी ने बताया कि राहुल थापा स्वयं को सेलाकुई स्थित वैष्णो देवी मंदिर का पुजारी बताता है और लोगों को अंधविश्वास व झूठी बातों में फंसाकर धन ऐंठने का काम करता है।

इधर उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में यूपी-उत्तराखंड की सीमा पर एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क पार कर रहे एक बच्चे को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे बच्चे की मौत हो गई थी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कई घंटों तक चले इस हंगामे के कारण दोनों राज्यों को जोड़ने वाले मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चा सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रहे वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घायल बच्चे को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया और हाईवे पर जाम लगा दिया। हाईवे जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री घंटों तक सड़क पर फंसे रहे और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।जाम की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साई भीड़ काफी देर तक अपनी मांगों पर अड़ी रही।