Good Morning India: अभी रिटायर नहीं होंगे रोहित! उत्तराखण्ड में लोकायुक्त की नियुक्ति के लिए कमेटी गठित, चमोली में फिर हिमस्खलन की चेतावनी

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज संसद में बजट सत्र के दूसरे फेज का दूसरा दिन है। सत्र 4 अप्रैल तक चलेगा। वहीं आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिन के मॉरीशस दौरे पर जाएंगे। वह 12 मार्च को नेशनल डे इवेंट में चीफ गेस्ट होंगे। वहीं आज लैंड फॉर जॉब केस में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लालू परिवार की पेशी होगी।
अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, संसद के बजट सत्र का दूसरा फेज सोमवार को हंगामे के साथ शुरू हुआ। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में वोटर लिस्ट पर सवाल उठ रहे हैं। पूरा विपक्ष बस यही कह रहा है कि वोटर लिस्ट पर चर्चा होनी चाहिए। 7 फरवरी को राहुल ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि 2019 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव के बीच पांच साल में महाराष्ट्र की मतदाता सूची में 32 लाख मतदाता जोड़े गए। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव और 2024 के विधानसभा चुनाव के बीच सिर्फ पांच महीने में 39 लाख नए मतदाता जोड़े गए।
इधर कश्मीर के गुलमर्ग में 8 मार्च को एक फैशन शो हुआ था। आरोप है कि शो में कई मॉडलों ने बर्फ पर रैंप वॉक किया। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में इस तरह का आयोजन एक अभद्र तमाशे में तब्दील हो गया, जो चौंकाने वाला है। मामले में सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह एक प्राइवेट इवेंट था। सरकार से अनुमति नहीं ली गई थी। जो कुछ भी मैंने देखा, वह किसी भी समय और खासतौर पर रमजान के महीने में आयोजित नहीं किया जाना चाहिए था। अफसरों को जांच के लिए कहा है। जरूरी हुआ तो पुलिस कार्रवाई करेगी।
उधर बिहार में आरा के गोपाली चौक स्थित तनिष्क शोरूम से 6 बदमाश ₹25 करोड़ की ज्वेलरी लूट ले गए। उनका पीछा करने के दौरान पुलिस ने फायरिंग की। दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी। उनके पास से ज्वेलरी के 2 बैग बरामद हुए। 4 बदमाश बाकी ज्वेलरी लेकर भाग गए। मैनेजर के मुताबिक शोरूम में 50 करोड़ से ज्यादा के जेवरात थे।
इधर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड ने रोहित के संन्यास लेने की खबरों का खंडन किया। कोच ने भास्कर से बातचीत में कहा कि रोहित शर्मा अगले 2 साल संन्यास नहीं लेंगे। वे पूरी तरह फिट हैं। मुझे समझ नहीं आता कि लोग उनके रिटायरमेंट के पीछे क्यों पड़े हैं।
उधर मध्यप्रदेश के महू में टीम इंडिया की जीत के जश्न के दौरान विवाद और पथराव हुआ। जामा मस्जिद के इमाम मोहम्मद जावेद ने कहा, तरावीह की नमाज चल रही थी, उसी समय जुलूस यहां से शोर शराबा करते हुए निकल रहा था। नमाज पूरी होकर सब लोग बाहर निकल रहे थे, तभी किसी ने मस्जिद के अंदर सुतली बम फेंका। इससे ये सिचुएशन क्रिएट हुई।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखण्ड हाईकोर्ट ने प्रदेश में लोकायुक्त नियुक्त नहीं करने के मामले में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई की। चीफ सेक्रेट्री ने पूर्व के आदेश के अनुपालन में शपथपत्र पेश कर अदालत को बताया कि लोकायुक्त की नियुक्ति के लिए राज्य सरकार ने कमेटी गठित कर दी है। इसकी एक बैठक 22 फरवरी 2025 को हो चुकी है। बताया गया कि राज्य सरकार लोकायुक्त नियुक्त करने के लिए लोकायुक्त एक्ट के प्रावधानों का पूर्ण रूप से पालन कर रही है। इस पर कोर्ट ने सरकार को अगली तिथि तक स्थिति से अवगत कराने के लिए कहा है। मामले की अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद होगी।
इधर चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ के हेली टिकटों की कालाबाजारी व फर्जीवाड़ा करने वालों पर विजिलेंस की पैनी नजर रहेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजिलेंस के माध्यम से इसकी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। टिकटों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ प्रदेश सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
उधर डीजीआरई चंडीगढ़ की ओर से चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। 10 मार्च शाम पांच बजे से 11 मार्च शाम पांच बजे तक जिले में हिमस्खलन हो सकता है। इसको देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इधर दिल्ली के कारोबारी को टेंडर दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले में सीएम के पूर्व ओएसडी पीसी उपाध्याय के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि उपाध्याय ने अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबारी से 70 लाख रुपये ठगे हैं। आरोपियों में दिल्ली यातायात पुलिस का एएसआई भी शामिल है। उपाध्याय और उसके साथियों पर कई राज्यों के कारोबारियों से करोड़ों की ठगी के मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं।