गुड़ मॉर्निंग इंडिया: उत्तराखंड में सियासी घमासान, आज हरक फिर थाम सकते हैं कांग्रेस का हाथ! दुखद- नहीं रहे कथक सम्राट पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 एक बार गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर आपके सामने प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों से शुरुआत करते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दावोस एजेंडा को संबोधित करेंगे। वहीं आज सुपरटेक को खरीदारों का पैसा लौटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट से मिली डेडलाइन का आखिरी दिन है। उधर भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे नीतेश की जमानत पर हाईकोर्ट आज फैसला सुनाएगा। वहीं ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी, एमपी सरकार ने इसको लेकर याचिका लगाई है।
अब अभी तक की बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर हुआ है। भाजपा ने वरिष्ठ मंत्री हरक सिंह रावत को रविवार को पार्टी सदस्यता से 6 साल के लिए बर्खास्त कर दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने देर रात बताया कि हरक सिंह रावत को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मंत्रिमंडल से भी बर्खास्त कर दिया है और इसकी जानकारी राज्यपाल को भी भेज दी है।
उधर एक दुखद खबर सामने आई है। महान कथक नर्तक पंडित बिरजू महाराज का हृदयाघात से निधन हो गया। पद्म विभूषण से सम्मानित 83 वर्षीय बिरजू महाराज ने देर रात दिल्ली में अंतिम सांस ली। उनके पोते स्वरांश मिश्रा ने यह जानकारी दी। बिरजू महाराज के निधन की खबर से संगीत प्रेमियों में शोक की लहर छा गई।
वहीं दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने रविवार को सात राज्यों में भीषण ठंड पड़ने का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश और राजस्थान में अगले दो दिन शीतलहर की स्थिति रहेगी।
वहीं दिल्ली में रविवार को नए कोरोना केस में 13% की कमी आई, जबकि मुंबई में भी 7 हजार के करीब ही नए मामले रह गए। इधर, देश के बाकी हिस्सों में नए केस तेजी से बढ़ना जारी है। रविवार को 2.57 लाख नए केस मिले, जबकि कुल एक्टिव केस भी 16 लाख के पार पहुंच गए। इस दौरान 1.47 लाख लोग ठीक भी हुए हैं।
अब उत्तराखंड कि खबरों की तरफ रुख करते हैं। समुदाय विशेष की महिलाओं के प्रति अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में गिरफ्तार जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने शनिवार रात उन्हें सर्वानंद घाट स्थित सत्याग्रह स्थल से गिरफ्तार किया था। इस बीच, स्वामी अमृतानंद का सत्याग्रह जारी रहा।