Good Morning India: MP में उज्जैन-ओंकारेश्वर समेत 17 धार्मिक शहरों में शराबबंदी! मेरठ में मारा गया 50 हजार का इनामी तांत्रिक नईम, उत्तराखण्ड में निकाय चुनाव की मतगणना आज

Good Morning India: Liquor ban in 17 religious cities including Ujjain-Omkareshwar in MP! Tantrik Naeem, carrying a reward of Rs 50,000, was killed in Meerut, counting of votes for civic elections in

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी।
आज गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में राजौरी गार्डन और त्रिनगर में दो रैलियां करेंगे। आदर्श नगर में रोड शो निकालेंगे। वही आज गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश को संबोधित करेंगी। शाम 7 बजे से दूरदर्शन पर प्रसारण होगा। इधर आज भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी-20 चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मध्यप्रदेश के 17 धार्मिक नगरों की 47 शराब दुकानें पूरी तरह बंद की जाएंगी। इन दुकानों को कहीं शिफ्ट भी नहीं किया जाएगा। एक अप्रैल से ये फैसला लागू होगा। महेश्वर में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में इसका फैसला लिया गया।

उधर बॉलीवुड एक्ट्रेस रहीं ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर बन गई हैं। उन्होंने शुक्रवार को प्रयागराज में संगम तट पर पिंडदान किया। अब वह यामाई ममता नंद गिरि कहलाएंगी। ममता एक-दो फरवरी तक यहां कल्पवास और साधना करेंगी।

इधर देशभर में अमूल दूध एक रुपए सस्ता हो गया है। गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) के मैनेजिंग डायरेक्टर जयेन मेहता ने कहा है कि अमूल गोल्ड, अमूल शक्ति और अमूल फ्रेश की कीमतें घटाई गई हैं। नई कीमतें 24 जनवरी से ही लागू कर दी गई हैं।

उधर महाराष्ट्र के भंडारा में सेना की हथियार फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह 10:30 बजे धमाका हुआ। हादसे में 8 लोगों की मौत हो चुकी है, 7 गंभीर घायल हैं। भंडारा कलेक्टर संजय कोलते ने बताया कि धमाके से फैक्ट्री की छत गिर गई, जिसमें 13 लोग फंस गए। उनका रेस्क्यू किया गया।

इधर ब्रिटेन में कंगना रनोट की फिल्म ‘इमरजेंसी’ की स्क्रीनिंग के दौरान खालिस्तानियों के सिनेमा में घुसने और विरोध प्रदर्शन करने पर भारत ने नाराजगी जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को इस पर कहा कि बोलने की आजादी को रोका नहीं जा सकता। इसमें रुकावट डालने वालों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

उधर यूपी के मेरठ से एक बड़ी खबर है। यहां पुलिस एनकाउंटर में 50 हजार का इनामी अपराधी और तांत्रिक नईम मारा गया है। नईम, 9 जनवरी को लिसाड़ी गेट के सोहेल गार्डन में हुई राजमिस्त्री मोईन और उसकी 3 बेटियों और पत्नी की हत्या का मुख्य आरोपी था। आज तड़के ही लिसाड़ी गेट समर गार्डन मे लगभग 3.45 मिनट पर नईम की पुलिस से मुठभेड़ हुई। नईम पर अन्य आपराधिक मामले दर्ज थे। महाराष्ट्र में भी हत्या के केस में वांटेड था।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड के 100 नगर निकायों में किसके सिर जीत का ताज सजेगा, आज शनिवार को साफ हो जाएगा। आयोग सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू कराने जा रहा है। प्रदेश में 11 नगर निगम, 46 नगर पालिका और 43 नगर पंचायतों में मेयर के 11, नगर पालिका अध्यक्ष के 46 और नगर पंचायत अध्यक्ष के 43 पदों के साथ ही निगमों में पार्षद के 540, नगर पालिकाओं में सभासद के 444 और नगर पंचायतों में वार्ड सदस्य के 298 पदों पर चुनाव की मतगणना होगी। आयोग सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू करेगा। सभी जिलों में अलग-अलग जगहों पर मतगणना होगी। प्रदेश में 54 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, कुल 6366 कार्मिकाें की तैनाती मतगणना में की गई है। 

उधर उत्तरकाशी में शनिवार सुबह फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। बीती शुक्रवार को भी तीन बार किए भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। 24 घंटे में चौथी बार भूकंप के झटकों से लोग दहशत में आ गए।

इधर गणतंत्र दिवस पर आईजी केवल खुराना समेत 53 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी राज्यपाल का उत्कृष्ट सेवा पदक (विशिष्ट कार्य के लिए) और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से सम्मानित किए जाएंगे। आईजी खुराना को नए आपराधिक कानूनों की ट्रेनिंग और क्रियान्वयन के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है।

उधर कोटद्वार में खुफिया पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम को दुर्गापुरी में घूम रहे एक संदिग्ध बांग्लादेशी को पकड़ लिया। स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) टीम ने उसे कोतवाली लाकर पुलिस को सौंप दिया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बृहस्पतिवार शाम को ही हरिद्वार-लालढांग होते हुए कोटद्वार पहुंचा था।