Good Morning India: ISRO को लगा झटका, सैटेलाइट EOS-09 की लॉन्चिंग विफल! फेमस यूट्यूबर ज्योति गिरफ्तार, दिल्ली में आप को बड़ा झटका! चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट खुले, दून और हरिद्वार से छह बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज भारत पाकिस्तान के DGMO के बीच बातचीत होगी, सीजफायर पर चर्चा हो सकती है। वहीं आज रोम में पोप लियो XIV का शपथग्रहण समारोह। इसमें कई देशों के राष्ट्रध्यक्ष शामिल होंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ISRO ने रविवार सुबह 5.59 मिनट बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से पोलर सैटेलाइट लॉन्चिंग व्हीकल (PSLV-C61) के जरिए अपना 101वां सैटेलाइट EOS-09 (अर्थ ऑब्जर्वेटरी सैटेलाइट) लॉन्च किया, लेकिन ये लॉन्चिंग सफल नहीं हो सकी। पहले और दूसरे फेज में सफल होने के बाद तीसरे फेज में EOS-09 में गड़बड़ी का पता चला। ISRO चीफ वी नारायणन ने कहा- आज 101वें प्रक्षेपण का प्रयास किया गया, PSLV-C61 का प्रदर्शन दूसरे चरण तक सामान्य था। तीसरे चरण में ऑब्जरवेशन के कारण मिशन पूरा नहीं हो सका है।
इधर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कहा कि हमारी सेना ने पाकिस्तान के अंदर 100 किमी तक घुसकर आतंकियों के 9 ठिकानों को तबाह किए। इसके अलावा 100 से ज्यादा आतंकियों को मारा। पाकिस्तान ने कच्छ से कश्मीर तक हमले का दुस्साहस किया, लेकिन हमारी सेना ने हर हमले को विफल किया। एक भी मिसाइल भारत में नहीं गिरी। हम न्यूक्लियर हमले से नहीं डरते हैं।
उधर केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख बताने के लिए सर्वदलीय सांसदों के 7 डेलिगेशन बनाए हैं। ये डेलिगेशन दुनिया के बड़े देशों, खासकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के सदस्य देशों का दौरा करेगा। कांग्रेस से एकमात्र सांसद शशि थरूर का नाम शामिल है। कांग्रेस ने कहा है कि उसने केंद्र को थरूर का नाम नहीं दिया था। पार्टी की तरफ से 4 सांसदों का नाम दिया गया था। जिसमें आनंद शर्मा, गौरव गोगोई, डॉ. सैयद नसीर हुसैन और राजा बरार शामिल थे।
इधर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को गिरफ्तार किया गया है। हिसार पुलिस ने शनिवार को ज्योति को कोर्ट में पेश कर 5 दिन की रिमांड पर ले लिया। पिछले एक हफ्ते में ज्योति के अलावा हरियाणा से 3 और पंजाब से 3 पाकिस्तानी जासूस अरेस्ट किए। हिसार पुलिस के मुताबिक, 'ज्योति पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के संपर्क में थी। सोशल मीडिया के माध्यम से भारत की गोपनीय जानकारी भेज रही थी। तीन बार पाकिस्तान की यात्रा कर चुकी ज्योति पर भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की नजर थी।'
उधर पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने एक कार्यक्रम में कहा कि 9 और 10 मई की रात भारत ने पाकिस्तान पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया था। उन्होंने कहा कि आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने उन्हें रात 2:30 बजे फोन कर बताया था कि भारत ने नूर खान बेस और बाकी जगहों पर बैलिस्टिक मिसाइल दागी हैं। शरीफ ने दावा किया कि पाकिस्तान की वायुसेना ने देसी तकनीक और आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर देश को बचाया। चीन से मिले जेट्स की आधुनिक टेक्नोलॉजी का भी इस्तेमाल किया गया।
इधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच तनाव इतना बढ़ गया था कि वे परमाणु जंग के बहुत करीब पहुंच गए थे। ट्रम्प ने कहा, हालांकि उन्हें जंग रुकवाने का क्रेडिट नहीं मिला।
उधर दिल्ली नगर निगम (MCD) में AAP के 15 नगर पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इन्होंने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी नाम से तीसरा मोर्चा बनाने की घोषणा भी कर दी है। मुकेश गोयल नए मोर्चे का नेतृत्व करेंगे। दिल्ली में हर साल मेयर पद और हर पांच साल में निकाय चुनाव होते हैं। 2022 के आखिरी निकाय चुनाव में AAP ने 134 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था। भाजपा को 104 और कांग्रेस को 9 सीटें मिलीं। कुल 250 सीटों पर वोटिंग हुई थी। दिल्ली नगर निगम के एकीकरण से पहले 272 वार्डों के लिए वोटिंग होती थी।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ मंदिर के कपाट आज सुबह चार बजे विधि विधान से पूजा अर्चना कर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। इस मौके पर 500 से ज्यादा श्रद्धालु पावन पल के साक्षी बने। कपाट खुलते ही मंदिर बाबा के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर को गेंदे के फूलों से सजाया गया है।
उधर देहरादून और धर्मनगरी हरिद्वार से छह बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए हैं। इनमें चार पुरुष और दो महिलाएं हैं। इनकी मदद करने वाली भारतीय महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। इन सभी की भारत आने में दो लोगों ने मदद की थी, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस, मिलिट्री इंटेलीजेंस और आईबी पूछताछ कर रही है। सभी आरोपी यहां समय-समय पर आकर बसे थे। इनमें से कुछ लोग लंबे समय से मजदूरी कर रहे थे। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि उन्हें क्लेमेंटटाउन में कुछ संदिग्ध नागरिकों के रहने की गोपनीय सूचना मिली थी।
इधर नगर कोतवाली पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई की टीम ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में एक झोपड़ी में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला और उसके भारतीय पति को गिरफ्तार किया है। महिला के नाबालिग पुत्र को भी संरक्षण में लिया गया है। महिला बांग्लादेश में मौजूद भाई और पिता के संपर्क में थी।
उधर विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए एक जून को खोल दी जाएगी। इसको लेकर नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार घाटी में आने वाले पर्यटकों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा भी मिलेगी। पार्क प्रशासन ने इसकी वेबसाइट को लांच कर दिया है।
इधर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने पूर्व में अपने पैतृक गांव मोहनरी में काफल पार्टी दी थी। इस पार्टी में लोगों ने पहाड़ी फल काफल का जमकर स्वाद लिया था। एक बार फिर आज हरीश रावत लोगों को काफल पार्टी देने जा रहे हैं। जिसमें काफी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। पूर्व में हरीश रावत की दावतों में कांग्रेस और विपक्ष के नेता भी पहाड़ी उत्पादों व फलों का जमकर लुत्फ उठाते दिखाई दिए थे।