Good Morning India: ईरान ने होर्मुज़ में जहाज़ पर किया हमला! झारखंड में बड़ा हादसा, सात की मौत, MP में बिजली की चपेट में आए 15 झुलसे! पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़ उत्तराखंड में घुसे निहंग, मचा हड़कंप! चमोली में भारी बारिश का कहर, उफान पर आया नाला, लोगों ने भागकर बचाई जान
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, गृह मंंत्री अमित शाह आज NCORD की 10वीं शीर्ष-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज देवरिया के दौरे पर रहेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, शांति वार्ता के बीच ईरान ने होर्मुज से गुजर रहे एक जहाज पर हमला कर दिया। यह हमला तब हुआ, जब कुछ ही घंटे पहले ईरान ने जहाज़ों को चेतावनी दी थी कि वे तेहरान की मंज़ूरी के बिना इस होर्मुज वाले रास्ते का इस्तेमाल न करें। संयुक्त राष्ट्र एजेंसी के सेक्रेटरी-जनरल आर्सेनियो डोमिंग्वेज़ ने कहा कि जिस जहाज़ पर हमला हुआ, वह निकासी अभियान का हिस्सा नहीं था। एपी की रिपोर्ट के अनुसार, इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइज़ेशन के प्रमुख ने कहा कि फ़ारस की खाड़ी में फंसे जहाज़ों को होर्मुज से बाहर निकालने की योजना तब तक रोकी रहेगी, जब तक एजेंसी उस इलाके में और निकासी सूची में शामिल जहाज़ों की सुरक्षा की गारंटी पक्की नहीं कर लेती। वहीं, इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है, "ईरान पहले घंटे में ही परमाणु हथियार का इस्तेमाल कर सकता था; अब वे इसे हासिल नहीं करने पर सहमत हो गए हैं।" एक जहाज़ पर हमले के बाद UN की समुद्री एजेंसी ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य से जहाज़ों को निकालने की योजना रोक दी है। इस बीच, इजरायल को ईरान ने कड़ी चेतावनी दी है, ईरान ने कहा है- लेबनान छोड़ो, वरना शर्मनाक हार का सामना करने के लिए तैयार रहो।
इधर झारखंड में रामगढ़ ज़िले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास एक पैसेंजर गाड़ी और ट्रक की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, रामगढ़ ज़िले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी में रामगढ़-बोकारो रोड पर रात करीब 12 बजे एक ट्रक और पैसेंजर वाहन की टक्कर हो गई। गाड़ी में सवार 'ताशा पार्टी' के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं। सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। यहां पर उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा रामगढ़-बोकारो रोड पर आधी रात के करीब हुआ। टक्कर में पैसेंजर गाड़ी में सवार 'ताशा पार्टी' के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि हादसे में मारे गए कुछ लोग रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमार्चा गांव के रहने वाले थे।
उधर वेनेजुएला में बुधवार की रात कुछ ही मिनटों में एक के बाद एक आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप ने बड़ी तबाही मचाई है। देश में आए ज़बरदस्त भूकंप में अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत की खबर है और सरकार ने बताया है कि 39,000 लोग अब भी लापता हैं, सैकड़ों लोग घायल हैं। मलबे के नीचे से आवाजें आ रही हैं और मौत का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी काराकस में देश का मुख्य एयरपोर्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे तेज़ी से मदद पहुंचाने की कोशिशों में रुकावट आ रही है। राहत और बचाव का कार्य चल रहा है। ये भूकंप वेनेजुएला में एक सदी से भी ज़्यादा समय में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक था। भूकंप के बाद की तस्वीरों में, धूल और खून से लथपथ घायल बच्चों, जानवरों और आम नागरिकों को कंक्रीट के मलबे से बाहर निकालते हुए देखा गया। मरने और घायल होने वालों के अलावा, हज़ारों लोग लापता भी हैं, जिससे अमेरिका में उनके परिवार के सदस्य जानकारी पाने के लिए परेशान हो रहे हैं। घायलों के लिए फ़र्स्ट एड और मेडिकल सामान जैसे कि गॉज़, बैंडेज, एंटीसेप्टिक, डिस्पोज़ेबल ग्लव्स, फ़ेस मास्क, सिरिंज, थर्मामीटर और ब्लड प्रेशर मॉनिटर की काफ़ी मांग थी।
इधर मध्यप्रदेश के रतलाम के पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम हतनारा में गुरुवार रात उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब मोहर्रम पर्व के तहत निकाले जा रहे ताजिए में करंट फैल गया। ताजिए में करंट फैलने से दो लोगों की मौत हो गई और 15 लोग झुलस गए। इस दौरान कई लोगों के घायल भी हुए हैं। घायलों व झुलसे हुए लोगों को रतलाम मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीती रात करीब साढ़े दस बजे ग्राम हतनारा में ताजियों का चल समारोह निकाला जा रहा था। कुछ लोग ताजिया उठाकर चल रहे थे। वहीं, अनेक लोग ताजिए के आसपास चल रहे थे। अचानक ताजिया एक स्थान पर 15 फीट से अधिक ऊंचाई पर लगी हाईटेंशन बिजली लाइन के तार से टच हो गया। हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही ताजिए में करंट फैल गया और करंट की चपेट में आने से करीब 15 लोग झुलसकर नीचे गिर गए। करंट लगने से कुछ लोग झुलस गए, तो कुछ लोग एक-दूसरे पर गिरने से घायल हो गए। लोगों ने घायलों को उठाया और निजी वाहनों से रतलाम जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज में 32 वर्षीय राशिद खान पिता वाहिद खान निवासी ग्राम हतनारा और जिला अस्पताल में 40 वर्षीय सड्डू पिता मोहम्मद हुसैन निवासी ग्राम हतनारा को मृत घोषित किया गया।
उधर कर्णप्रयाग और रुद्रप्रयाग की घटनाओं के बाद निहंगों के उत्तराखंड कूच की सूचना पर देहरादून पुलिस ने हिमाचल सीमा से लगे कुल्हाल में कड़ी निगरानी और बैरिकेडिंग की थी। प्रेमनगर क्षेत्र में भी पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके बावजूद निहंगों का एक जत्था शहर के भीतर पहुंच गया और पटेलनगर थाना क्षेत्र तक आ गया। यहां पुलिस ने उन्हें रोककर वापस भेजा। इस घटनाक्रम ने पुलिस की घेराबंदी, खुफिया तंत्र और आपसी समन्वय पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार, निहंग सिक्खों ने उत्तराखंड की ओर कूच का आह्वान किया था। इसके बाद देहरादून जिले में विशेष सतर्कता बरती गई। कुल्हाल सीमा पर वाहनों की जांच, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रेमनगर क्षेत्र में भी निहंगों के संभावित प्रवेश को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का दावा किया गया।
इधर दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 48 घंटे के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों में पहुंच सकता है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं। मौसम के ताज़ा अनुमान से पता चलता है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं, जो बारिश के मौसम के और सक्रिय होने का संकेत है। 27 से 29 जून के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम व मेघालय में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस हफ़्ते उत्तर-पश्चिम भारत में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफ़ान, बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं का अनुमान लगाया है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रुक-रुक कर बारिश होने की उम्मीद है, साथ ही 25 और 26 जून को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 26 जून से 30 जून तक भारी बारिश का अनुमान है। पंजाब में 27 व 28 जून को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी बारिश होने की संभावना है। मानसून आने की वजह से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 27 जून से 1 जुलाई के बीच कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
उधर केंद्र सरकार ने गुरुवार को वरिष्ठ आईपीएस (IPS) अधिकारी महेश दीक्षित को देश की प्रमुख आंतरिक खुफिया एजेंसी, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का नया निदेशक नियुक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने इस हाई-प्रोफाइल नियुक्ति को मंजूरी दी। महेश दीक्षित वर्तमान आईबी प्रमुख तपन कुमार डेका का स्थान लेंगे। आंध्र प्रदेश कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित को पदभार ग्रहण करने की तारीख से दो वर्ष के कार्यकाल या अगले आदेश तक के लिए नियुक्त किया गया है। आधिकारिक आदेश के अनुसार, वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात महेश दीक्षित को आईबी निदेशक के रूप में 2 साल का कार्यकाल देने के लिए ऑल इंडिया सर्विसेज (AIS) नियमों और वित्तीय नियमों (FR) के विशेष प्रावधानों के तहत सेवा विस्तार भी दिया गया है। वह हिमाचल प्रदेश कैडर के 1993 बैच के निवर्तमान प्रमुख तपन कुमार डेका (IPS) की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखण्ड के चमोली जिले में भारी बारिश का कहर देखने को मिला है। यहां बारिश के दौरान नाला उफान पर आया और भारी मलबा बाजार में आ गया, जिससे सड़क पर खड़े की वाहन मलबे में दब गए हैं। मलबा घरों और दुकानों में भी घुसा है, जिससे नुकसान हुआ है। मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोगों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई ग्वालदम हाईवे बाधित हो गया है। बताया गया कि रात्रि को क्षेत्र में अतिवृष्टि हुई। इस दौरान मलबा, पानी, पत्थरों और बोल्डर सहित सड़क पर बहते हुए घरों , दुकानों को नुकसान पहुंचा गए। सड़क पर खड़े कई वाहन भी मलबे में दबे हैं। प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन कर रहे हैं। मलबा हटाने का काम शुरु हो गया है।
इधर एसडीआरएफ मुख्यालय में सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर की सभी पोस्टों और वाहिनी के अधिकारियों व कार्मिकों के साथ मासिक सम्मेलन किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू अभियानों को लेकर जरूरी निर्देश दिए। सम्मेलन के दौरान विभिन्न पोस्टों पर तैनात कर्मियों की व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण के आदेश दिए गए। सेनानायक ने आगामी मानसून सत्र और कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी इकाइयों को सतर्कता, उच्च स्तर की तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मानसून के दौरान भूस्खलन, अतिवृष्टि, बाढ़, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए 24 घंटे ऑपरेशनल मोड में रहना चाहिए।
उधर उत्तराखंड के चारधाम यात्रा समेत हरिद्वार, ऋषिकेश, मसूरी समेत कई जगहों को बम से उड़ाने का मेल मिलने के बाद पुलिस की इंटेलिजेंस टीम पूरी तरह से सक्रिय हो चुकी है। मेल मिलने के बाद एसटीएफ की साइबर टीम ने इसको ट्रैक करने का प्रयास किया। इसके बाद ये मेल कहां से आई है, इसकी जानकारी मिल सकी। इसकी प्राथमिक तौर पर लोकेशन उत्तर अफ्रीकी देश मोरक्को में पाई गई, जबकि मेल भेजने वाला व्यक्ति यूनाइटेड स्टेट का रहने वाला पाया गया। उन्होंने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसमें केंद्रीय एजेंसियों से भी संपर्क किया गया है और आगे की जानकारी भी पता लगाई जा रही है।