Good Morning India: 1 अगस्त से लागू हुए 5 बड़े बदलाव,तत्काल टिकट से लेकर क्रेडिट कार्ड के नियमों तक सीधा आपकी जेब पर पड़ेगा असर,नैनीताल के रामनगर में शर्मसार करने वाली घटना,15 साल की किशोरी से दुष्कर्म,लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें!

Good Morning India: Five major changes came into effect on August 1—ranging from Tatkal ticket booking to credit card rules—that will directly impact your wallet; a shocking incident in Ramnagar, Nai

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एकबार फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।

कश्मीर में फिर लहूलुहान हुए निहत्थे: कुलगाम में ईंट-भट्ठे पर आतंकियों की कायराना अंधाधुंध गोलीबारी, छत्तीसगढ़ के मजदूर की मौत, एक गंभीर

जंतर-मंतर विवाद पर पीएम  मोदी का भावुक वीडियो संदेश,बोले-मुझे और मेरी मां को दी गईं गालियां, फिर भी गुमराह बच्चों को माफ करना चाहता हूं

जंतर-मंतर हिंसा मामले में बड़ा खुलासा: सोशल मीडिया पर डिजिटल कैंपेन चलाने वाले कई बड़े यूट्यूबर्स और इंफ्लुएंसर्स पर कसेगा शिकंजा

कॉमनवेल्थ गेम्स में भाला फेंक में भारत का डबल धमाका: नीरज को रजत, यशवीर ने जीता कांस्य, श्रीलंका ने मारा स्वर्ण

गाजा के लिए ट्रंप का 15 सूत्रीय शांति प्लान: हमास ने जताई सहमति, अब इस्राइल के फैसले पर टिकी दुनिया की नजर

भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर भारत सख्त: जयशंकर ने यूक्रेन के बाद ईरान के विदेश मंत्री को मिलाया फोन, कहा- जहाजों पर हमले कतई मंजूर नहीं

रूस पर हमलों के लिए स्टारलिंक की मांग: जेलेंस्की ने ट्रंप से मांगी मदद, एलन मस्क भी चर्चा के केंद्र में

कॉमनवेल्थ में तेजस्विन का ऐतिहासिक कमाल: डेकाथलॉन में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने, कांस्य पर जमाया कब्जा

अगस्त के पहले दिन मिली बड़ी राहत:19 किलो कमर्शियल गैस सिलेंडर 200 रुपये से ज्यादा सस्ता, नए दाम लागू

1 अगस्त से लागू हुए 5 बड़े बदलाव: तत्काल टिकट से लेकर क्रेडिट कार्ड के नियमों तक सीधा आपकी जेब पर पड़ेगा असर

नैनीताल के रामनगर में शर्मसार करने वाली घटना: 15 साल की किशोरी से दुष्कर्म,पॉक्सो एक्ट में आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड के जंगलों पर अब 'आसमानी नजर': अवैध अतिक्रमण रोकने को ड्रोन से होगी मॉनिटरिंग,वनकर्मियों को दी जा रही स्पेशल ट्रेनिंग

ऊधम सिंह नगर को सीएम धामी की बड़ी सौगात: गदरपुर में करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण; खटीमा में सुनीं जनता की समस्याएं

धामी सरकार का बड़ा तोहफा: उत्तराखंड में 227 करोड़ की योजनाओं को हरी झंडी, कुंभ 2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

एडवेंचर प्रेमियों के लिए खुशखबरी: उत्तराखंड में खुलेंगी 20 नई पर्वत चोटियां, जल्द लागू होगी नई ट्रेकिंग नीति!

आईआईटी रुड़की का ऐतिहासिक धमाका: उत्तराखंड की टोली झील में मिले 8000 साल पुराने मानव डीएनए के सबूत

हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ-जम्मू-कश्मीर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों ने एक बार फिर कायराना वारदात को अंजाम देते हुए ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे दो प्रवासी मजदूरों को गोली मार दी। इस हमले में छत्तीसगढ़ निवासी एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों की धरपकड़ के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार, यह हमला कुलगाम के केलम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर हुआ, जहां आतंकवादियों ने काम कर रहे दो प्रवासी मजदूरों पर अचानक गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में छत्तीसगढ़ निवासी दीपक कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे घायल मजदूर भूपिंदर, जो छत्तीसगढ़ का ही रहने वाला है, का अनंतनाग स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। आतंकियों की तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इलाके के सभी प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे दक्षिण कश्मीर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार देर रात इंस्टाग्राम लाइव के माध्यम से देशवासियों, विशेषकर युवाओं और जेन-जी को संबोधित करते हुए जंतर-मंतर की हालिया घटना पर भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी दिवंगत मां को अपशब्द कहे गए, लेकिन वह गुमराह युवाओं को सजा नहीं, बल्कि माफी और सही मार्गदर्शन देना चाहते हैं। रात करीब 11 बजे प्रसारित वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि बचपन और युवावस्था में गलतियां होना स्वाभाविक है। ऐसे बच्चों को अदालतों के चक्कर कटवाने या समाज से अलग-थलग करने के बजाय उन्हें सही दिशा दिखाने की जरूरत है। उन्होंने समाज से भी अपील की कि वह गुमराह युवाओं को सुधारने में सहयोग करे। पीएम मोदी ने अपनी बात को उदाहरण के साथ समझाते हुए कहा कि जैसे कभी-कभी दांतों के बीच जीभ आ जाती है और चोट लगती है, लेकिन हम दांत नहीं तोड़ते क्योंकि दोनों हमारे अपने हैं। उसी तरह ये बच्चे भी हमारे हैं और उन्हें सही रास्ता दिखाना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपनी गलतियों से सीखने और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। प्रधानमंत्री का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए इस संदेश को महज 30 मिनट में 13 लाख से अधिक लाइक्स मिले। पिछले नौ दिनों में यह उनका पांचवां वीडियो संदेश है, जिसमें उन्होंने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून, परीक्षा प्रणाली में सुधार और एनटीए में टास्क फोर्स गठन जैसे अहम मुद्दों पर भी अपनी बात रखी है।

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर 20 जुलाई की रात हुई हिंसा के पीछे एक गहरी और सुनियोजित साजिश का खुलासा हुआ है। इस मामले में दिल्ली पुलिस आयुक्त के आदेश पर जांच स्पेशल सेल को सौंप दी गई है। जांच एजेंसियों के निशाने पर अब इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और यूट्यूब के वे नामी इंफ्लुएंसर्स व पूर्व पत्रकार हैं, जिन्होंने पैसों के बदले प्रदर्शन के समर्थन में डिजिटल कैंपेन चलाया। सूत्रों के मुताबिक, इन इंफ्लुएंसर्स को प्रति पोस्ट 40 से 80 हजार रुपये तक का भुगतान किया गया था। यह फंडिंग डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया मैनेजमेंट से जुड़ी तीन बड़ी कंपनियों के जरिए की गई, जिनके वित्तीय दस्तावेजों को एजेंसियां अब खंगाल रही हैं। संसद मार्ग थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, सीजेपी प्रमुख के आह्वान पर 10 से 11 हजार की भीड़ जुटी थी। आरोप है कि रात करीब 10:11 बजे आप नेताओं के संबोधन के बाद भीड़ हिंसक हो गई। असामाजिक तत्वों के उकसावे पर पुलिस पर पत्थरों और डंडों से हमला किया गया, जिसमें कई अधिकारी घायल हो गए। उपद्रवियों ने हवलदार मुकुंद का हथियार भी छीन लिया। स्पेशल सेल अब दंगा, आपराधिक साजिश, हत्या के प्रयास और पुलिस पर हमले जैसी 15 गंभीर धाराओं के तहत इस पूरी साजिश की पड़ताल कर रही है।

ग्लास्गो। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने रजत पदक जीता, जबकि यशवीर सिंह ने कांस्य पदक हासिल कर भारत की झोली में एक और सफलता डाली। वहीं श्रीलंका के युवा खिलाड़ी रुमेश थरंगा पथिरागे ने 89.75 मीटर का शानदार थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने फाइनल में 85.83 मीटर का सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया, लेकिन यह स्वर्ण जीतने के लिए पर्याप्त नहीं रहा। दूसरी ओर यशवीर सिंह ने अपने अंतिम प्रयास में 85.41 मीटर का शानदार थ्रो कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। भारत के तीसरे खिलाड़ी रोहित यादव 81.56 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ सातवें स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में पाकिस्तान के चर्चित भाला फेंक खिलाड़ी अरशद नदीम भी पदक की दौड़ में थे, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा। शुरुआती प्रयासों के बाद वह शीर्ष तीन में जगह नहीं बना सके और पदक से चूक गए। इस मुकाबले में श्रीलंका के रुमेश थरंगा ने दूसरे प्रयास में ही 89.75 मीटर का विजयी थ्रो कर स्वर्ण लगभग पक्का कर लिया। उनके बाद कोई भी खिलाड़ी उस दूरी तक नहीं पहुंच सका। भारत के दो पदकों के साथ ग्लास्गो में तिरंगा एक बार फिर शान से लहराया और देश को एथलेटिक्स में बड़ी सफलता मिली।

वॉशिंगटन। गाजा में लंबे समय से जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 15 सूत्रीय शांति योजना पेश की है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हमास ने इस प्रस्ताव पर सहमति जता दी है, जबकि इस्राइल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में पूरी दुनिया की निगाहें अब इस्राइल के अगले कदम पर टिकी हैं। प्रस्तावित योजना का उद्देश्य गाजा में स्थायी शांति स्थापित करना, हिंसा पर रोक लगाना, इस्राइली सेना की वापसी सुनिश्चित करना और सामान्य जनजीवन बहाल करना है। इसके साथ ही फलस्तीनी प्रशासन की स्थापना और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से गाजा के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का भी खाका तैयार किया गया है। योजना के मुताबिक, सभी पक्ष संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2803  के तहत शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। इस्राइल अपने सैन्य अभियान रोकते हुए शार्म अल-शेख प्रोटोकॉल के तहत लंबित दायित्व पूरे करेगा, जबकि हमास और अन्य फलस्तीनी गुट भी सभी सैन्य गतिविधियां समाप्त करेंगे। प्रस्ताव के अनुसार, गाजा के प्रशासन की जिम्मेदारी नेशनल कमेटी फॉर द एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ गाजा (एनसीएजी) को सौंपी जाएगी। वहीं, इंटरनेशनल वेरिफिकेशन कमेटी दोनों पक्षों द्वारा समझौते के पालन की निगरानी करेगी। एनसीएजी नागरिक सेवाओं, सरकारी कर्मचारियों के अधिकारों, वित्तीय पारदर्शिता और सार्वजनिक संसाधनों के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगी। यदि इस्राइल भी इस प्रस्ताव को स्वीकार करता है, तो यह गाजा संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में अब तक का सबसे बड़ा कूटनीतिक कदम साबित हो सकता है।

नई दिल्ली। भारत ने पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों तथा भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर अपना रुख और कड़ा कर दिया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से टेलीफोन पर बातचीत करते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में व्यापारिक जहाजों और नाविकों पर हमले स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने ऐसे सभी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की। जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि ईरानी विदेश मंत्री ने उन्हें क्षेत्र के ताजा घटनाक्रम और जारी कूटनीतिक प्रयासों से अवगत कराया। इस दौरान भारत ने दोहराया कि वह हर विवाद का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए निकालने का समर्थक है। इससे एक दिन पहले विदेश मंत्री ने यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा से भी बातचीत की थी। चर्चा के दौरान काला सागर में व्यापारिक जहाजों और भारतीय नाविकों पर हुए हमलों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। जयशंकर ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी पक्ष द्वारा नागरिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। भारत ने दोनों देशों से बातचीत में यह स्पष्ट संकेत दिया कि समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा और नाविकों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही भारत ने क्षेत्रीय तनाव कम करने और स्थायी शांति के लिए संवाद, संयम और कूटनीतिक समाधान पर जोर दिया।

वॉशिंगटन। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से रूस के भीतर सैन्य अभियानों के लिए स्टारलिंक सैटेलाइट संचार प्रणाली के इस्तेमाल की अनुमति दिलाने की अपील की है। उन्होंने ट्रंप से अनुरोध किया कि वह स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क से इस संबंध में मंजूरी दिलाने में सहयोग करें। हालांकि, ट्रंप ने इस मांग पर कोई स्पष्ट सहमति नहीं दी। रिपोर्टों के अनुसार, यूक्रेन लगातार रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रहा है। ऐसे में वह लंबी दूरी के सैन्य अभियानों को अधिक सटीक बनाने के लिए स्टारलिंक नेटवर्क का उपयोग करना चाहता है। फिलहाल स्पेसएक्स यूक्रेन को उसकी सीमा और रूस के कब्जे वाले क्षेत्रों में स्टारलिंक की सुविधा देता है, लेकिन रूस की सीमा के भीतर इसके इस्तेमाल की अनुमति नहीं है। बताया गया है कि जेलेंस्की ने व्हाइट हाउस में ट्रंप से मुलाकात के दौरान यह मुद्दा उठाया और बाद में अमेरिकी सांसदों के साथ बैठक में भी इस मांग को दोहराया। उन्होंने पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की अतिरिक्त आपूर्ति और उसके उत्पादन का लाइसेंस देने की भी अपील की। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि रूस के भीतर स्टारलिंक के इस्तेमाल की मंजूरी मिलती है, तो इससे युद्ध की रणनीति बदल सकती है। हालांकि, इससे एलन मस्क और स्पेसएक्स के लिए सुरक्षा जोखिम बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल व्हाइट हाउस, यूक्रेनी दूतावास और स्पेसएक्स की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

ग्लास्गो। भारत के उभरते एथलीट तेजस्विन शंकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने पुरुषों की डेकाथलॉन स्पर्धा में कुल 7976 अंक हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह राष्ट्रमंडल खेलों के डेकाथलॉन में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। डेकाथलॉन की शुरुआत तेजस्विन के लिए चुनौतीपूर्ण रही। 100 मीटर दौड़ में वह सातवें स्थान पर रहे, लेकिन लंबी कूद में दूसरा स्थान हासिल कर शानदार वापसी की। हाई जंप में 2.15 मीटर की छलांग लगाकर उन्होंने पहला स्थान प्राप्त किया और ओवरऑल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। दूसरे दिन 110 मीटर बाधा दौड़ और डिस्कस थ्रो में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। हालांकि पोल वॉल्ट और भाला फेंक में कुछ अंक गंवाने के कारण वह तीसरे स्थान पर खिसक गए, लेकिन 1500 मीटर दौड़ पूरी कर कुल 7976 अंकों के साथ कांस्य पदक पक्का कर लिया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक ग्रेनाडा के लिंडन विक्टर (8096 अंक) और रजत कनाडा के डेमियन वार्नर (8036 अंक) ने जीता। डेकाथलॉन को एथलेटिक्स की सबसे कठिन प्रतियोगिताओं में गिना जाता है। इसमें खिलाड़ियों को दो दिनों में 10 अलग-अलग स्पर्धाओं 100 मीटर, लंबी कूद, शॉटपुट, हाई जंप, 400 मीटर, 110 मीटर बाधा दौड़, डिस्कस थ्रो, पोल वॉल्ट, भाला फेंक और 1500 मीटर दौड़ में प्रदर्शन करना होता है। तेजस्विन की यह उपलब्धि भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर मानी जा रही है।

नई दिल्ली। अगस्त महीने की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए राहतभरी खबर लेकर आई है। सरकारी तेल कंपनियों ने 1 अगस्त से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 200 रुपये से अधिक की कटौती कर दी है। संशोधित कीमतें शनिवार से देशभर में लागू हो गई हैं। नई दरों के अनुसार, राजधानी दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल गैस सिलेंडर 202 रुपये सस्ता होकर 2,728 रुपये का हो गया है। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत 209 रुपये घटकर 2,872.50 रुपये हो गई है। इससे होटल, रेस्तरां, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह लगातार दूसरा महीना है जब कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई है। जुलाई में भी तेल कंपनियों ने करीब 183 रुपये तक दाम घटाए थे, जिससे व्यापारिक गतिविधियों की लागत कम हुई थी। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। राजधानी दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में उपलब्ध रहेगा।

नई दिल्ली। अगस्त की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियम बदल गए हैं। 1 अगस्त 2026 से रेलवे टिकट बुकिंग, क्रेडिट कार्ड, केवाईसी, एलपीजी और आयकर रिटर्न से जुड़े नए नियम लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ेगा। रेलवे ने रिजर्वेशन काउंटर से तत्काल टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के लिए टोकन आधारित व्यवस्था लागू कर दी है। इससे लंबी कतारों में कमी आएगी और टिकट बुकिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी। बैंकिंग और बीमा क्षेत्र में सेंट्रल केवाईसी 2.0 की शुरुआत की गई है। इससे ग्राहकों का सत्यापन पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और आसान होगा। वहीं, कई बैंकों ने क्रेडिट कार्ड के नियमों में बदलाव करते हुए रिवॉर्ड पॉइंट्स, लेट पेमेंट चार्ज और प्रोसेसिंग फीस में संशोधन किया है। हर महीने की तरह तेल कंपनियों ने एलपीजी और एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों की भी समीक्षा की है। वहीं, आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई समाप्त होने के बाद अब देर से ITR दाखिल करने वालों को नियमानुसार विलंब शुल्क देना होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि नए नियमों की जानकारी रखना जरूरी है, क्योंकि इनका सीधा असर घरेलू बजट, बैंकिंग सेवाओं और रोजमर्रा के वित्तीय लेनदेन पर पड़ने वाला है।

आइए अब नज़र डालते हैं उत्तराखंड की ख़बरों पर-रामनगर। नैनीताल जनपद के रामनगर क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी हरीश सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को 15 वर्षीय किशोरी के पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हुआ। घबराए परिजन उसे इलाज के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों द्वारा किए गए स्वास्थ्य परीक्षण में किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इस खुलासे से परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर पीड़िता ने आपबीती सुनाई। किशोरी ने बताया कि हिम्मतपुर ब्लॉक निवासी 19 वर्षीय हरीश सिंह ने उससे दोस्ती की थी। कुछ समय पहले आरोपी उसे अपने एक दोस्त के कमरे पर ले गया और वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी हरीश सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया है।

देहरादून। उत्तराखंड में वन भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण पर लगाम लगाने के लिए वन विभाग ने हाईटेक रणनीति अपनाई है। अब राज्य के सभी वन प्रभागों में ड्रोन तकनीक के जरिए संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि नए अतिक्रमण की समय रहते पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जा सके। वन विभाग पिछले तीन वर्षों से अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चला रहा है, जिसके तहत सैकड़ों हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है। हालांकि, अभी भी करीब 11,100 हेक्टेयर वन क्षेत्र अवैध कब्जे की जद में है। कई मामलों में कानूनी प्रक्रियाओं और न्यायालयों में लंबित मामलों के कारण कार्रवाई प्रभावित हो रही है। विभाग अब अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ खाली कराई गई वन भूमि पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए भी विशेष निगरानी व्यवस्था लागू कर रहा है। ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। ड्रोन तकनीक के प्रभावी उपयोग के लिए वनकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में ड्रोन संचालन, सुरक्षा मानकों, तकनीकी पहलुओं और कानूनी नियमों की जानकारी दी जा रही है। वन विभाग का मानना है कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से जंगलों की निगरानी अधिक प्रभावी होगी और अवैध अतिक्रमण पर तेजी से अंकुश लगाया जा सकेगा।

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने ऊधम सिंह नगर के एक दिवसीय दौरे के दौरान क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। गदरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। सीएम धामी ने अमर शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और लंबे समय से प्रतीक्षित गदरपुर बस अड्डे तथा खंड विकास कार्यालय भवन का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने गुलरभोज क्षेत्र को पर्यटन के नक्शे पर उभारने और सड़कों के निर्माण के लिए कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इसके बाद अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री ने लोहियाहेड में आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। दौरे के दौरान गदरपुर में राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा ने सीएम के काफिले को काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। वे अंकिता भंडारी मामले में न्याय की मांग कर रही थीं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया और स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रम तय समय के अनुसार शांतिपूर्वक संपन्न हुए।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए करीब 227 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में सबसे बड़ा हिस्सा कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए हरिद्वार में गंगा तट पर घाटों और आस्था पथ के निर्माण पर खर्च किया जाएगा। इसके साथ ही सार्वजनिक निकायों एवं उपक्रमों के सिविल और पारिवारिक पेंशनरों के लिए एक जनवरी 2026 से महंगाई राहत (डीआर) बढ़ाकर 60 प्रतिशत किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के चंडी घाट डाउनस्ट्रीम स्थित गौरीशंकर क्षेत्र में गंगा के बाएं तट पर घाट एवं आस्था पथ निर्माण के लिए 98.18 करोड़ रुपये तथा बैरागी कैंप क्षेत्र में गंगा के दाहिने तट पर इसी तरह के निर्माण कार्य के लिए 115.91 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। दोनों परियोजनाओं पर कुल 214.09 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा हरिद्वार में सुल्तानपुर पुलिस चौकी के प्रशासनिक भवन निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 96.59 लाख रुपये जारी करने और देहरादून के न्यू कैंट मार्ग को दो लेन से तीन लेन में अपग्रेड करने के लिए 11.95 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी छात्रों की छात्रवृत्ति के लिए 36.84 लाख रुपये स्वीकृत किए। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास, कुंभ की तैयारियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी।

देहरादून। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य में पर्वतारोहण और ट्रेकिंग के लिए 20 नई पर्वत चोटियां खोले जाने की तैयारी है। इसके साथ ही इसी महीने के अंत तक नई ट्रेकिंग नीति लागू किए जाने की संभावना है, जिससे पर्वतारोहण गतिविधियों को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल बनाया जाएगा। नई चोटियों को खोलने से पहले उनका पर्यावरणीय ऑडिट कराया जाएगा। इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पीसीबी ने इस कार्य के लिए वैज्ञानिक संस्थानों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं और जल्द ही उनका चयन कर रिपोर्ट तैयार कर शासन को सौंपी जाएगी। वर्तमान में उत्तराखंड में 83 पर्वत चोटियां पर्वतारोहण और ट्रेकिंग के लिए खुली हैं। केंद्र सरकार ने पहले 41 और अब अतिरिक्त 20 नई चोटियों को खोलने की मंजूरी दी है। हालांकि, हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन पूरा होने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। नई ट्रेकिंग नीति में अनुमति प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने, सुरक्षा मानकों को मजबूत करने, पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने तथा स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार का मानना है कि इस पहल से राज्य में साहसिक पर्यटन को नई गति मिलेगी, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और पर्यटन अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ होगा।

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के वैज्ञानिकों ने उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय स्थित टोली झील पर किए गए शोध में 8,300 वर्ष से अधिक पुराने मानव डीएनए के प्रमाण खोजकर मानव इतिहास से जुड़ी नई जानकारी सामने रखी है। यह खोज इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अब तक उपलब्ध पुरातात्विक साक्ष्यों के आधार पर इस क्षेत्र में मानव की मौजूदगी करीब 3,000 वर्ष पुरानी मानी जाती थी। आईआईटी रुड़की के पृथ्वी विज्ञान विभाग के प्रोफेसर प्रदीप श्रीवास्तव और जैव विज्ञान एवं जैव अभियांत्रिकी विभाग के प्रोफेसर नवीन कुमार नवानी के नेतृत्व में वर्ष 2022 में शुरू हुए इस अध्ययन में टोली झील की तलछट का वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया। शोध के दौरान लगभग 15 हजार वर्षों के जलवायु परिवर्तन, वनस्पतियों, सूक्ष्म जीवों, आग की घटनाओं और मानव गतिविधियों के प्रमाण मिले। शोधार्थी सुष्मिता सिंह के अनुसार, अध्ययन से संकेत मिलता है कि गढ़वाल हिमालय में मानव की मौजूदगी पूर्व अनुमान से करीब 5,000 वर्ष अधिक पुरानी हो सकती है। उस समय यहां रहने वाले लोग संभवतः घुमंतू या मौसमी प्रवासी थे। वैज्ञानिकों का कहना है कि सेडिमेंटरी एंशिएंट डीएनए तकनीक से हिमालय के मानव इतिहास, जलवायु परिवर्तन और पारिस्थितिकी तंत्र के विकास को समझने में नई दिशा मिलेगी। यदि अन्य हिमालयी झीलों पर भी इसी तरह के अध्ययन किए जाएं, तो क्षेत्र के प्राचीन इतिहास और मानव बसावट के बारे में और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

---- समाप्त ---- 

दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।