Good Morning India: महाकुंभ में 13 फरवरी तक वाहनों की एंट्री बैन! सोना पहली बार ₹85 हजार पार, नेशनल गेम्स में उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों का जलवा

Good Morning India: Entry of vehicles banned in Mahakumbh till 13th February! Gold crosses ₹ 85 thousand for the first time, players from Uttarakhand shine in National Games

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज दिल्ली में ‘इंडिया एनर्जी वीक’ की शुरुआत होगी। 14 फरवरी तक चलने वाले इवेंट में 20 देशों के ऊर्जा मंत्री शामिल होंगे। 
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, प्रयागराज में लंबे जाम और 12 फरवरी(माघी पूर्णिमा) के स्नान को देखते हुए नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। 13 फरवरी की सुबह तक शहर में वाहनों की एंट्री बैन रहेगी। अलग-अलग जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शहर के बाहर 36 पार्किंग एरिया बनाए गए हैं। प्रयागराज में 3 दिन में 15 लाख वाहन पहुंचे हैं, शहर के हर एंट्री पॉइंट पर 20 किमी तक का जाम देखा गया। राज्य सरकार ने जाम की समस्या से निजात पाने के लिए 52 नए IAS और IPS अफसरों को कुंभ भेजा है।

इधर 10 ग्राम सोने की कीमत 966 रुपए बढ़कर 85,665 रुपए हो गई है। ये ऑल टाइम हाई है। इससे पहले सोना 84,699 रुपए प्रति दस ग्राम के ऑल टाइम हाई पर था। इस साल सोने के दाम ₹9,503 बढ़े हैं। एक किलो चांदी भी ₹132 बढ़कर ₹95,533 किलो पर पहुंच गई है।

उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिन के दौरे पर फ्रांस पहुंचे। मोदी के सम्मान में पेरिस के मशहूर एलिसी पैलेस में VVIP डिनर रखा गया। इसमें फ्रेंच प्रेसिडेंट मैक्रों समेत अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज भी शामिल हुए। मोदी आज पेरिस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एक्शन समिट 2025 की सह अध्यक्षता करेंगे। वर्ल्ड वॉर में मारे गए भारतीय सैनिकों को मजारग्यूज युद्ध समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि देंगे।

इधर पेरेंट्स और महिलाओं पर भद्दे कमेंट मामले में यूट्यूबर रणवीर अलाहबादिया, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अपूर्वा मखीजा, कॉमेडियन समय रैना और 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के ऑर्गनाइजर के खिलाफ मुंबई में FIR दर्ज हुई है। वहीं गुवाहाटी पुलिस ने आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह, अपूर्व मखीजा, रणवीर अलाहबादिया और समय रैना के खिलाफ FIR दर्ज की है।

उधर किन्नर अखाड़े में विवाद के बीच ममता कुलकर्णी ने महामंडलेश्वर पद छोड़ दिया। ममता ने कहा, 'मैं पद से इस्तीफा दे रही हूं। 25 साल से साध्वी हूं और आगे भी साध्वी रहूंगी।' दरअसल, 24 जनवरी को ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर बनी थीं, इससे कई संत नाराज थे।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड ने सोमवार को भी पदकों की बारिश जारी रखी। राज्य को दो स्वर्ण सहित 10 पदक मिले हैं। जिससे पदकों की संख्या बढ़कर 77 हो गई है। इनमें 17 स्वर्ण, 27 रजत और 33 कांस्य पदक हैं।

इधर सोशल मीडिया पर महिलाओं के फोटो से छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील बनाकर ब्लैकमेल करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले कॉल सेंटर में काम कर चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

उधर 38वें राष्ट्रीय खेलों में एक ओर उत्तराखंड के खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से इतिहास रच रहे हैं। इसके लिए प्रदेश में तैयार हुई अवस्थापना से देवभूमि में खेलों की नई संभावना बन रही है। यही वजह है कि आने वाले समय में ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन (एआईएफएफ) हल्द्वानी के गौलापार में बने फुटबाल मैदान में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट कराने की तैयारी कर रहा है।