गुड़ मॉर्निंग इंडिया: देश में कड़ाके की ठंड शुरू, उत्तराखंड में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट! ओमिक्रॉन को लेकर सरकार ने जारी की चेतावनी
नमस्कार दोस्तो गुड़ मॉर्निंग इंडिया के साथ आवाज 24x7 एक बार फिर आपके सामने प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 1 बजे यूपी के शाहजहांपुर में 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करेंगे। वहीं आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के लिए महाराष्ट्र जाएंगे। यहां वे सहकारी परिषद सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। उधर राहुल गांधी एक दिन के दौरे पर आज अमेठी जाएंगे। वे यहां BJP भगाओ-महंगाई हटाओ पदयात्रा में शामिल होंगे। अब अभी तक कि बड़ी खबरों कि तरफ़ रुख करें। देश मे कोरोना के नए वेरियंट के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र में एक दिन में ओमिक्रॉन वैरिएंट के 8 मरीज मिले हैं। इनमें 6 विदेश से लौटे हैं। उनके संपर्क में आए 2 लोगों में भी ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। महाराष्ट्र में अब कुल मामले बढ़कर 40 हो गए हैं। नया वैरिएंट यूपी में भी पहुंच गया है। गाजियाबाद के बुजुर्ग पति-पत्नी में इसका संक्रमण मिला है। वे महाराष्ट्र और राजस्थान से लौटकर गए थे। देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या 111 हो गई है। उधर ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच केंद्र सरकार ने लोगों से सावधान रहने के लिए कहा है। जिन जिलों में 5% से ज्यादा केस हैं, उन्हें जरूरी तैयारी शुरू करने के लिए कहा गया है। ICMR के डीजी बलराम भार्गव ने बताया कि ओमिक्रॉन बहुत तेजी से दुनिया में फैल रहा है। कोरोना से यूरोप के देशों की स्थिति बेहद खराब है। इसलिए लोगों को गैरजरूरी यात्रा और भीड़ से परहेज करना चाहिए।
मौसम कि बात करें तो मशहूर टूरिस्ट प्लेस मनाली में इस सीजन का पहली बर्फबारी हुई है। यहां देश भर से टूरिस्ट पहुंचे हुए हैं। पूरे हिमाचल में सर्दी का कहर नजर आ रहा है। शीतलहर के कारण शिमला समेत राज्य के 8 शहरों में न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच चुका है। केलांग में सबसे कम तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अटल टनल के पास बर्फीले तूफान में कई गाड़ियां फंस गईं।
अब उत्तराखंड कि खबरों पर नज़र डालते हैं। उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने के साथ ही कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। बदरीनाथ, केदारनाथ समेत अन्य चोटियों में हिमपात हो रहा है और मैदानों में सर्द हवाएं दुश्वारियां बढ़ा रही हैं। मसूरी में तापमान माइनस एक डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिन शीत लहर चलने की आशंका जताई है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बच्चों और बुजुर्गों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
उधर आज विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इस कड़ी में पार्टी सभी विधानसभा क्षेत्रों में विजय संकल्प यात्रा शुरू करने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को हरिद्वार से गढ़वाल मंडल की यात्रा की शुरुआत करेंगे, जबकि कुमाऊं मंडल की यात्रा 19 दिसंबर को बागेश्वर से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर रवाना करेंगे। गढ़वाल क्षेत्र में यह यात्रा 2660 किमी और कुमाऊं में 1890 किमी का सफर तय करेगी। इस दौरान प्रदेश सरकार के पांच साल के कार्यकाल और डबल इंजन की उपलब्धियों की जानकारी आमजन को दी जाएगी।