Good Morning India: स्टारलिंक के सामने केंद्र ने रखीं शर्तें! होली पर हरिद्वार में बड़ा हादसा, बच्चे की मौत, उत्तराखण्ड में मौसम का अलर्ट

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज गृह मंत्री अमित शाह असम के गोलाघाट में अपग्रेडेड पुलिस एकेडमी का उद्घाटन करेंगे। मिजोरम में असम राइफल्स के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं आज दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुंबई में शाम 7:30 बजे से विमेंस प्रीमियर लीग का फाइनल होगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन जंग के मुद्दे पर ध्यान देने के लिए PM नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत दुनिया के कई नेताओं का आभार जताया। उन्होंने सीजफायर पर चर्चा के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को धन्यवाद दिया। सीजफायर की बातचीत पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए पुतिन ने कहा कि वह प्रस्ताव से सहमत है, लेकिन यह लॉन्ग टर्म होना चाहिए।
इधर इलॉन मस्क की स्टारलिंक जियो और एयरटेल के साथ मिलकर देश में सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस शुरू करने वाली है। केंद्र सरकार ने इससे पहले स्टारलिंक के सामने कुछ शर्तें रखी हैं। पहली दो शर्तें देश की टेलिकॉम कंपनियों जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया (VI) पर पहले से लागू हैं।
उधर अमेरिका के डेनवर एयरपोर्ट पर एक फ्लाइट में आग लग गई। इंजन में आग की वजह से विमान में धुआं भर गया। इसके बाद पैसेंजर्स को विमान के विंग पर उतरना पड़ा। अमेरिकी एयरलाइंस की इस फ्लाइट में 172 पैसेंजर्स और 6 क्रू मेंबर्स थे। आग पर काबू पा लिया गया। किसी पैसेंजर को नुकसान नहीं पहुंचा।
इधर मार्क कार्नी कनाडा के 24वें प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने राजधानी ओटावा में शपथ ली। कार्नी के साथ उनके मंत्रिमंडल ने भी शपथ ली। इससे पहले प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने गवर्नर जनरल के पास जाकर इस्तीफा सौंपा। कार्नी 9 फरवरी को लिबरल पार्टी के नेता चुने गए थे। उन्हें 85.9% वोट मिले।
उधर झारखंड के गिरिडीह जिले में शुक्रवार को होली के जुलूस के दौरान जबरदस्त हंगामा हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरिडीह में 2 समुदायों के बीच झड़प में कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने कथित तौर पर एक दूसरे पर जमकर पथराव करने के साथ-साथ कई दुकानों और गाड़ियों में आग भी लगा दी। घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उपद्रवियों को कंट्रोल करने की कोशिश की। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम रानीमाजरा में होली खेलने के बाद गंगा स्नान के लिए जा रहे ग्रामीणों का वाहन पलट गया, जिससे एक 11 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। पांच अन्य लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
इधर थाना क्षेत्र के बादामवाला में एक रेस्टोरेंट में भंयकर आग लग गई। जिसके बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। आनन-फानन में आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना के बाद सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने आग पर पाया काबू। होली के दिन जब सभी क्षेत्र के लोग धूमधाम से होली के त्योहार मे मशगूल थे, तभी विकासनगर क्षेत्र के बादामवाला में एक रेस्टोरेंट मे शरारती तत्वों ने आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जिसके बाद आग ने रेस्टोरेंट को अपने आगोश मे ले लिया। जिसके बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।
उधर शुक्रवार को मौसम साफ रहने के बाद शनिवार को उत्तराखंड के लगभग सभी इलाकों में मौसम बदल गया। अधिकतर इलाकों में बादल छाए रहे। वहीं पहाड़ी इलाकों में तेज हवाओं संग बूंदाबांदी भी हुई। देर रात मैदान में भी मौसम बदला और तेज बारिश हुई।