Good Morning India: उत्तराखण्ड निकाय चुनाव में बीजेपी का दबदबा! रुद्रपुर-काशीपुर समेत तमाम जगह खिला 'कमल', देशभर में गणतंत्र दिवस का उत्साह

Good Morning India: BJP's dominance in Uttarakhand civic elections! 'Lotus' blooming everywhere including Rudrapur-Kashipur, Republic Day enthusiasm across the country

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी।
आज दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 76वां रिपब्लिक डे सेलिब्रेशन होगा। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो चीफ गेस्ट होंगे। वहीं आज भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री चीन के डिप्टी फॉरेन मिनिस्टर के साथ मीटिंग करेंगे। इसमें कैलाश मानसरोवर यात्रा और बाइलेटरल ट्रेड जैसे मुद्दों पर बात होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, उत्तराखंड में निकाय चुनाव की मतगणना शनिवार रात भर जारी रही। वहीं राजधानी देहरादून में मतगणना अभी जारी है। यहां भाजपा के सौरभ थपलियाल आगे चल रहे हैं। बता दें कि नगर निगमों में बीजेपी की लहर देखने को मिली है। इस दौरान अल्मोड़ा में भाजपा के अजय वर्मा, हल्द्वानी से भाजपा के गजराज बिष्ट, पिथौरागढ़ में भाजपा की कल्पना देवलाल, श्रीनगर में  निर्दलीय आरती भंडारी, कोटद्वार में भाजपा के शैलेंद्र सिंह रावत, रुद्रपुर से भाजपा के विकास शर्मा, ऋषिकेश से भाजपा के शंभू पासवान, काशीपुर से भाजपा के दीपक बाली, रुड़की से भाजपा की अनिता देवी अग्रवाल, हरिद्वार से भाजपा की किरण जैसल ने जीत दर्ज की है। 

इधर भारत आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। देशभर में रिपब्लिक डे के कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। वहीं राजधानी दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर हर साल की तरह इस बार भी अपनी सैन्य शक्ति और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा। राष्ट्र संविधान के लागू होने का ‘प्लेटिनम जुबली’ भी 26 जनवरी को मनाएगा। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे।

उधर केंद्र सरकार ने 2025 के लिए 139 पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया। लोकगायिका शारदा सिन्हा (मरणोपरांत), पूर्व चीफ जस्टिस जगदीश सिंह खेहर, सुजुकी के चेयरमैन ओसामु सुजुकी समेत 7 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान दिया जाएगा। बिहार के पूर्व डिप्टी CM सुशील मोदी, अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय, गजल गायक पंकज उधास, पूर्व हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश समेत 19 को पद्म भूषण मिलेगा। महाराष्ट्र के पूर्व CM मनोहर जोशी (मरणोपरांत) और फिल्म निर्माता शेखर कपूर को भी पद्म भूषण सम्मान मिला है। वहीं SBI की पूर्व चेयरमैन अरुंधति भट्टाचार्य, क्रिकेटर आर अश्विन, गायक अरिजीत सिंह और राजस्थान की लोक गायिका बतूल बेगम समेत 113 को पद्मश्री दिया जाएगा। पद्म पुरस्कार विजेताओं में से 23 महिलाएं हैं। इनमें 10 विदेशी लोग भी हैं। 13 हस्तियां ऐसी हैं, जिन्हें मरणोपरांत पुरस्कार दिए जा रहे हैं।

इधर ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाने पर कई संतों ने नाराजगी जताई है। शांभवी पीठ के पीठाधीश्वर श्री स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि किन्नर अखाड़े को मान्यता देकर पिछले कुंभ में महापाप हुआ था। ममता का विषय बहुत घातक और धर्म के खिलाफ है। वहीं अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी ने कहा, 'ममता को बहुत-बहुत आशीर्वाद और साधुवाद। वैराग्य कभी भी आ सकता है।’

उधर भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 2 विकेट से जीत लिया। इंग्लैंड ने 9 विकेट खोकर 165 रन बनाए। भारत ने 146 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन तिलक वर्मा की नॉटआउट फिफ्टी से टीम ने 4 गेंद बाकी रहते मुकाबला जीत लिया। भारत ने 5 मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। तीसरा मैच राजकोट में 28 जनवरी को खेला जाएगा।

इधर डोनाल्ड ट्रम्प ने ‘अमेरिका फर्स्ट’ पॉलिसी के तहत सभी विदेशी मदद पर रोक लगा दी है। हालांकि इजराइल-मिस्र को सैन्य सहायता और फूड प्रोग्राम को मदद मिलती रहेगी। इस आदेश के बाद दुनियाभर में स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स बंद हो सकते हैं। दरअसल, अमेरिका इन विदेशी प्रोजेक्ट्स के लिए सबसे ज्यादा फंड्स मुहैया कराता है। फैसले का सबसे ज्यादा असर यूक्रेन पर पड़ेगा, जिसे बाइडेन सरकार ने अरबों डॉलर की मदद दी थी।

उधर जम्मू-कश्मीर की पहली वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल पूरा हुआ। ट्रेन ने कटरा से श्रीनगर के बीच 160 किमी का सफर 3 घंटे में पूरा किया। ट्रेन दुनिया के सबसे ऊंचे रेल ब्रिज (चिनाब ब्रिज) से होकर गुजरी। कश्मीर के मौसम के हिसाब से डिजाइन की गई। PM फरवरी में इसका उद्घाटन कर सकते हैं।