Good Morning India: काला सागर में अटकी 13 भारतीय नाविकों की सांसें, बिहार, एमपी और गुजरात की हाई-प्रोफाइल सीटों पर साख की जंग,राहुल गांधी पर जमकर बरसे सीएम धामी,आज से कांवड़ यात्रा का शंखनाद लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें!

Good Morning India: 13 Indian sailors stranded in the Black Sea; a battle for prestige on high-profile seats in Bihar, MP, and Gujarat; CM Dhami lashes out at Rahul Gandhi; the Kanwar Yatra kicks off

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एकबार फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।

मिडिल ईस्ट में महासंकट: अमेरिका ने ईरान पर बरसाए बम, तेहरान के सैन्य ठिकाने तबाह

सऊदी की एंट्री से भड़की अमेरिका-ईरान की जंग, ठप हुई कूटनीति

पीओके पर भारत का दो टूक संदेश: अमेरिकी अखबार की हेडलाइन 'पाकिस्तानी कश्मीर' पर इंडिया ने जताई आपत्ति, साफ किया अपना रुख

अदालत के आदेश के बाद भी बांग्लादेश में हिंदू परिवार पर बर्बर हमला, महिलाओं से बदसलूकी और लूटपाट

लखनऊ बनेगा सैन्य चिकित्सा अनुसंधान का नया केंद्र, परमाणु और रासायनिक हमलों पर होगा देश का पहला शोध

काला सागर में अटकी 13 भारतीय नाविकों की सांसें: युद्ध के बीच 'एमवी अमीर1 पर मंडराया खतरा

तीन राज्यों में उपचुनाव आज: बिहार, एमपी और गुजरात की हाई-प्रोफाइल सीटों पर साख की जंग

मौसम का महाअलर्ट: दिल्ली-यूपी समेत 14 राज्यों में आज झमाझम बारिश, असम में बाढ़ से हाहाकार

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: आज  ईवीएम में कैद होगी 25 प्रत्याशियों की किस्मत, 3 अगस्त को आएगा फैसला

'ग्रेटर बांग्लादेश का सपना देखने वाले जमातियों को किया विदा': सीएम शुभेंदु का कट्टरपंथियों पर करारा प्रहार

फिल्म ‘रामायण’ का धमाकेदार ट्रेलर आउट: रावण के रूप में छाए यश, श्रीराम बने रणबीर ने जीता दिल

आज से कांवड़ यात्रा का शंखनाद: इस बार हरिद्वार में 5.5 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद, 6 हजार जवान तैनात

उत्तराखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट: रुद्रप्रयाग में स्कूल बंद, भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे फिर ठप

संसद में इडियट और अंधभक्त जैसे शब्द असंसदीय: राहुल गांधी पर बरसे सीएम धामी

सहायक अध्यापक भर्ती विवाद: कोर्ट से सड़क तक बवाल, 3 गलत सवालों के फेर में फंसी मेरिट सूची

रुद्रपुर में नकाबपोशों का तांडव: युवक पर तलवार से हमला कर काटी उंगली, बाइक लूटकर फरार

उत्तराखंड में कुदरत का 'ऑरेंज' अलर्ट: पहाड़ से मैदान तक भारी बारिश का संकट, 4 जिलों में आकाशीय बिजली और भूस्खलन का खतरा

हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ-वाशिंगटन। पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में तनाव अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य बेस पर हुए हमले का बदला लेते हुए अमरीका ने ईरान के कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त चेतावनी के बाद हुई इस सैन्य कार्रवाई से तेहरान के कई ठिकानों पर भारी तबाही की खबर है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने पुष्टि की है कि यह कार्रवाई ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के जवाब में की गई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया था कि अमेरिकी सैनिकों पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ईरान समर्थित उग्रवादी गुटों को करारा जवाब दिया जाएगा। इसी बीच, संघर्ष के खाड़ी क्षेत्र से निकलकर नए इलाकों में फैलने की आशंका बढ़ गई है। मिस्र के दमिएटा बंदरगाह पर खड़े अमेरिकी स्वामित्व वाले तरल प्राकृतिक गैस जहाज 'एनर्गोस विंटर' पर ड्रोन हमला हुआ, जिससे जहाज में भीषण विस्फोट हो गया। समुद्री सुरक्षा एजेंसी 'एंब्रे' के अनुसार, यह हमला बंदरगाह पर माल उतारते समय हुआ। इस घटना ने वैश्विक ऊर्जा सप्लाई और समुद्री व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों देशों के बीच जारी इस सीधी जंग से पूरे क्षेत्र में महायुद्ध का खतरा मंडराने लगा है।

दुबई। पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका और ईरान के बीच का संघर्ष अब एक नए और बेहद खतरनाक दौर में पहुंच चुका है। सऊदी अरब के पहली बार खुलकर अमेरिका के साथ इस सैन्य टकराव में उतरने से पूरे क्षेत्र में व्यापक युद्ध की आशंकाएं गहरा गई हैं। पिछले 24 घंटों में हुई ताबड़तोड़ सैन्य कार्रवाइयों ने कूटनीतिक प्रयासों पर पूरी तरह से पानी फेर दिया है। ईरान द्वारा जॉर्डन स्थित अमरीकी एयर बेस पर दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच रास्ते में ही मार गिराने का दावा किया गया है। जवाब में अमेरिका और सऊदी अरब ने संयुक्त रूप से इराक में ईरान समर्थित गुटों के ठिकानों पर करारा हमला बोला। दूसरी ओर, मिस्र के एक बंदरगाह पर खड़े दो प्राकृतिक गैस जहाजों पर हुए ड्रोन हमलों ने वैश्विक तेल और गैस सप्लाई चेन की चिंताएं बढ़ा दी हैं। यह बढ़ता संघर्ष अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए राजनीतिक और आर्थिक स्तर पर बड़ा संकट बन रहा है। नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों से ठीक पहले बढ़ते अमरीकी सैनिकों के हताहत होने और एयर डिफेंस हथियारों की कमी से अमरीका में इसका कड़ा विरोध हो रहा है। हालांकि, कूटनीति के मोर्चे पर पेंच फंसा हुआ है। ट्रंप जहां एक तरफ बातचीत की संभावना जताते हुए ईरान को "सबक सिखाने" की कड़ी चेतावनी दे रहे हैं, वहीं ईरान ने पिछले दो हफ़्तों से बातचीत का कोई भी अनुरोध करने से साफ़ इनकार किया है। फिलहाल, शांति की उम्मीदें पूरी तरह धुंधली नजर आ रही हैं।

वाशिंगटन। अमेरिका में भारतीय दूतावास ने न्यूयॉर्क टाइम्स की एक खबर के शीर्षक पर कड़ी आपत्ति जताई है। दूतावास ने स्पष्ट कहा कि 'पाकिस्तानी कश्मीर' जैसा कोई क्षेत्र नहीं है, केवल 'पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर है। भारत ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न और अविभाज्य हिस्से हैं। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि न्यूयॉर्क टाइम्स की हेडलाइन भ्रामक और तथ्यात्मक रूप से गलत है। दूतावास ने कहा कि 'पाकिस्तानी कश्मीर' जैसी कोई इकाई मौजूद नहीं है, केवल पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर है। दूतावास ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश पहले भी भारत का अभिन्न हिस्सा थे, आज भी हैं और हमेशा रहेंगे। भारत का कहना है कि पाकिस्तान ने इन क्षेत्रों के कुछ हिस्सों पर अवैध कब्जा कर रखा है और अब वहां के लोगों के खिलाफ हिंसा का सहारा लिया जा रहा है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय अधिकारियों और स्वतंत्र आकलनों के हवाले से बताया गया है कि जून की शुरुआत से लेकर हालिया हिंसा तक प्रदर्शनकारियों, सुरक्षाकर्मियों और आम नागरिकों सहित कम से कम 30 लोगों की मौत हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी नामक संगठन पिछले महीने से तथाकथित क्षेत्रीय विधानसभा की 12 विवादित सीटों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहा है। संगठन का आरोप है कि इन सीटों का इस्तेमाल अपनी पसंद की सरकार बनाने के लिए किया जाता है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में जारी जनआंदोलन पाकिस्तान के आर्थिक शोषण, लोगों के मूल अधिकारों से वंचित किए जाने और प्रशासनिक दमन का सीधा परिणाम है। भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भारत का ही हिस्सा है, जिस पर पाकिस्तान ने अवैध कब्जा कर रखा है।

ढाका। बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा और अत्याचार के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। भोला जिले के लालमोहन उपजिला में अदालत का फैसला पक्ष में आने के बावजूद एक हिंदू परिवार पर दबंगों ने दिनदहाड़े भीषण हमला कर दिया। इस बर्बर घटना में गोपाल कृष्ण दास, उनकी पत्नी, बेटियों और बुजुर्ग पिता को क्रूरतापूर्वक प्रताड़ित किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर संपत्ति हड़पने की नीयत से गोपाल कृष्ण दास के घर में घुसे थे। उन्होंने गोपाल और उनकी पत्नी अखी रानी दास को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। हिंसा के दौरान घर की दो बेटियों के साथ बदसलूकी की गई, जबकि परिवार के बुजुर्ग पिता को पानी में डुबो-डुबोकर यातनाएं दी गईं। हमलावरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ और लूटपाट भी की। इस जघन्य घटना पर विपक्षी पार्टी 'आवामी लीग' ने वर्तमान बीएनपी  सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने कहा कि जब अदालत से पक्ष में फैसला मिलने के बाद भी कोई परिवार अपनी पैतृक जमीन पर सुरक्षित नहीं है, तो यह देश में कानून व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने का प्रमाण है। राजनीतिक उथल-पुथल के बीच बांग्लादेश में हिंदू आबादी की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

लखनऊ। आधुनिक युद्ध की बदलती चुनौतियों से निपटने की दिशा में भारत ने बड़ा कदम उठाया है। लखनऊ स्थित मध्य कमान के कमांड अस्पताल में देश के पहले मिलिट्री मेडिसिन विभाग की शुरुआत कर दी गई है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से इसका उद्घाटन करते हुए कहा कि यह विभाग रासायनिक, जैविक, विकिरण और परमाणु खतरों पर अध्ययन और शोध का प्रमुख राष्ट्रीय केंद्र बनेगा। रक्षामंत्री ने कहा कि आज के युद्ध केवल पारंपरिक हथियारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रासायनिक, जैविक और परमाणु हमलों जैसी नई चुनौतियां भी तेजी से सामने आ रही हैं। ऐसे में यह विभाग आधुनिक युद्ध चिकित्सा के क्षेत्र में देश की तैयारियों को नई मजबूती देगा। उन्होंने बताया कि विभाग में ऑपरेशनल और मिलिट्री मेडिसिन, कॉम्बैट मेडिसिन, कॉम्बैट सर्जरी, ट्रॉमा केयर और बड़े पैमाने पर हताहतों के प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेषज्ञता विकसित की जाएगी। साथ ही दूरस्थ चिकित्सा और सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण को भी बढ़ावा दिया जाएगा। लक्ष्य इसे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बैटलफील्ड मेडिसिन रिसर्च सेंटर के रूप में विकसित करना है। मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि विभाग का विकास चरणबद्ध तरीके से होगा, जिसमें पहले शैक्षणिक कार्यक्रम और बाद में उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से सैनिकों को अत्याधुनिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन समारोह में सेना और रक्षा मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

नई दिल्ली। काला सागर  में छिड़े भीषण युद्ध के बीच 13 भारतीय नाविकों की जान जोखिम में पड़ गई है। यूक्रेन के चोर्नोमोर्स्क बंदरगाह पर खड़े मालवाहक जहाज 'एमवी अमीर1' पर सवार ये भारतीय लगातार रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों के साये में फंसे हुए हैं। यूक्रेनी दूतावास ने इस गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, काला सागर के बंदरगाहों पर रूस के हमले काफी तेज हो गए हैं, जिससे जहाज पर मौजूद भारतीय दल लगातार खतरे के मुहाने पर है। यूक्रेनी प्रशासन का दावा है कि वह प्रभावित नाविकों की मदद कर रहा है और इस संबंध में भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क में बना हुआ है। वहीं, भारत के यूक्रेन स्थित दूतावास ने स्पष्ट किया है कि मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सभी संबंधित पक्षों के साथ तालमेल बिठाकर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। हाल ही में ओडेसा बंदरगाह पर 'एमवी एजीएन रग्नार' जहाज पर हुए हमले में दो भारतीय नाविक अब भी लापता हैं, जबकि इससे पहले 'एमवी गोल्डन लियो' पर हमले में चार भारतीयों की मौत हो चुकी है। लगातार होते इन हमलों ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

नई दिल्ली। बिहार,मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। तीनों ही राज्यों में वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और इन सीटों पर भाजपा की साख दांव पर लगी है। जहां एक तरफ भाजपा के सामने अपने पुराने गढ़ों को बरकरार रखने की चुनौती है, वहीं विपक्ष हालिया मुद्दों को भुनाकर उलटफेर करने की फिराक में है। बिहार की बहुचर्चित बांकीपुर (पटना) सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई है। पांच बार विधायक रहे नितिन नवीन का यह मजबूत किला रहा है, जहां इस बार पार्टी अपनी बादशाहत कायम रखने के लिए मैदान में है। मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के बाद चुनाव हो रहा है। 2023 में भाजपा के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को हराने वाली कांग्रेस यहां अपनी पकड़ बनाए रखना चाहती है, जिससे मुकाबला कांटे का हो गया है। वहीं गुजरात की मांजलपुर (वडोदरा) सीट पर आठ बार के दिग्गज विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद मतदान हो रहा है। पिछले चुनाव में 75 फीसदी वोट हासिल करने वाली भाजपा के लिए यह पारंपरिक सीट बेहद सुरक्षित मानी जा रही है। 30 जुलाई को दर्ज हो रहे इन जनादेशों के नतीजे चुनावी राजनीति की भावी दिशा तय करेंगे।

नई दिल्ली। देशभर में मानसून के उग्र रूप को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी का महाअलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित देश के 14 राज्यों में अगले कुछ घंटों के भीतर 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और मानसूनी सिस्टम के सक्रिय रहने से 1 अगस्त तक बारिश का यह दौर जारी रहेगा। यूपी के लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, नोएडा और वाराणसी समेत कई पूर्वी व पश्चिमी जिलों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने आम जनता, किसानों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दूसरी ओर, पूर्वोत्तर राज्य असम में बाढ़ का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 78 हो गई है। शिवसागर, जोरहाट, कामरूप (मेट्रो) और गोलाघाट जैसे 7 प्रमुख जिलों के 551 गांव जलमग्न हैं, जिससे 3 लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई है। इसके साथ ही 21 हजार हेक्टेयर से अधिक फसल पानी में डूबकर बर्बाद हो चुकी है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगातार जुटा हुआ है।

पटना। भारतीय जनता पार्टी के गढ़ और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से जुड़ी होने के कारण प्रतिष्ठा का प्रश्न बने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। इस चुनावी रण में कुल 3,79,616 मतदाता मैदान में उतरे 25 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम (EVM) में कैद करेंगे। मतों की गिनती 3 अगस्त को होगी। इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय नजर आ रहा है। एनडीए की ओर से भाजपा के नीरज सिन्हा और महागठबंधन से राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता आमने-सामने हैं, तो वहीं जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर खुद को मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करने के लिए जोर-आमाइश कर रहे हैं। इसके अलावा 14 छोटे दल और 8 निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए प्रशासन ने 187 भवनों में बने सभी 422 बूथों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। बूथों के भीतर की कमान केंद्रीय सशस्त्र बलों की 14 कंपनियों के हाथों में है, जबकि बाहरी सुरक्षा के लिए जिला पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला है और सीमाएं सील कर दी गई हैं। पूर्ण शहरी क्षेत्र होने के कारण बांकीपुर में अमूमन कम मतदान का रिकॉर्ड रहा है। इसे देखते हुए पटना के डीएम कुंदन कुमार ने नागरिकों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य से कट्टरपंथी ताकतों और तुष्टिकरण की राजनीति के खात्मे का बड़ा संदेश दिया है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कोलकाता के रवींद्र सदन में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वामदलों और तृणमूल कांग्रेस  पर तीखा जुबानी हमला बोला। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि "ग्रेटर बांग्लादेश" का सपना देखने वाले जमातियों को हमने बंगाल से विदा कर दिया है। मुख्यमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे 'जमाती तृणमूल' करार दिया और कहा कि अब यह राजनीति पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। वहीं, वामदलों पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कम्युनिस्ट विदेशी विचारधारा और ताकतों से संचालित होकर 34 वर्षों तक बंगाल पर शासन करते रहे। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में 'लैंड जिहाद' और 'लव जिहाद' जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब बंगाल का नवनिर्माण होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि नई सरकार राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि हालिया विधानसभा चुनावों में प्रचंड जीत दर्ज कर भाजपा बंगाल में पहली बार सत्ता में आई है, जिससे टीएमसी के 15 साल के शासन का अंत हुआ है।

मुंबई। बहुप्रतीक्षित महाकाव्य फिल्म ‘रामायण’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर आखिरकार 30 जुलाई की तड़के (ब्रह्ममुहूर्त) रिलीज कर दिया गया है। लगभग चार मिनट लंबे इस भव्य ट्रेलर में साउथ सुपरस्टार यश का 'रावण' के रूप में एक प्रचंड और भयानक अवतार देखने को मिला है, जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। ट्रेलर की शुरुआत में तीनों लोकों के स्वामी रावण के भारी-भरकम और जटाधारी लुक के साथ धमाकेदार एंट्री होती है, जो अकेले ही विशाल सेनाओं से लड़ता दिखता है। रावण के बढ़ते अहंकार को मिटाने के लिए भगवान विष्णु का 'श्रीराम' के रूप में अवतार होता है। राम के किरदार में रणबीर कपूर बेहद शांत, सौम्य और निखरे हुए नजर आ रहे हैं। इस ट्रेलर के जरिए पहली बार साई पल्लवी की 'माता सीता' और रवि दुबे की 'लक्ष्मण' के रूप में पहली झलक सामने आई है। इसके साथ ही रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा) और लक्ष्मण के बीच नाक काटने वाला चर्चित प्रसंग भी दिखाया गया है। फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता और विवेक ओबेरॉय जैसे दिग्गज कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। साई पल्लवी के हिंदी संवादों को लेकर हालांकि कुछ चर्चा जरूर है, लेकिन फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर और विजुअल्स इतने शानदार हैं कि इस ट्रेलर ने रिलीज होते ही इंटरनेट पर धूम मचा दी है।

आइए अब नज़र डालते हैं उत्तराखंड की ख़बरों पर-हरिद्वार। आस्था और भक्ति का महापर्व कांवड़ यात्रा आज से विधिवत रूप से शुरू हो रहा है। इस वर्ष हरिद्वार में रिकॉर्ड साढ़े पांच करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताया गया है। यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए शासन-प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूरे मेला क्षेत्र में करीब 6 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित कर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। उपद्रवियों और अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के साथ-साथ इस बार कांवड़ की ऊंचाई भी निर्धारित की गई है, जिसमें पैदल कांवड़ 6 फीट और झांकी अधिकतम 10 फीट की होगी। कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली और उत्तराखंड पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यमुनापार और सीमावर्ती इलाकों में भारी वाहनों के प्रवेश पर 15 दिनों के लिए रोक लगा दी गई है। 5 से 11 अगस्त तक प्रमुख हाईवे पर भारी वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्यूआर कोड जारी किया गया है और 70 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। स्नान घाटों पर जल पुलिस तैनात रहेगी ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न हो सके।

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ प्रसिद्ध चारधाम यात्रा की रफ्तार भी रोक दी है। मौसम विभाग द्वारा जारी 'ऑरेंज अलर्ट' को देखते हुए रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बृहस्पतिवार (30 जुलाई) को जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है। लगातार हो रही बारिश से केदारनाथ और यमुनोत्री यात्रा मार्ग बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। यमुनोत्री हाईवे पर पाली गाड़, बाडिया गांव और हनुमानचट्टी के पास भारी मलबा और बोल्डर (पत्थर) गिरने से यातायात एक बार फिर पूरी तरह बाधित हो गया है। हाईवे बंद होने के कारण रास्ते में सन्नाटा पसरा है और प्रशासन सड़कों को खोलने के लिए लगातार राहत व बचाव कार्य में जुटा हुआ है। आपदा परिचालन केंद्र से केदारनाथ यात्रा मार्ग की पल-पल निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी प्रशासनिक विभागों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास न जाएं।

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर तीखा जुबानी हमला बोला है। सीएम धामी ने आरोप लगाया कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य से जुड़े सख्त 'नकल विरोधी कानून' जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सार्थक चर्चा करने के बजाय राहुल गांधी ने असंसदीय भाषा का प्रयोग कर संसद की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार किया है। जारी अपने बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर है, जहां विचारों का आदान-प्रदान संयम और तथ्यों के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सदन के भीतर 'इडियट' जैसे शब्दों का इस्तेमाल और देश के करोड़ों नागरिकों को 'अंधभक्त' कहना संसदीय परंपराओं के खिलाफ है। यह न केवल सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि जन जनादेश का भी अनादर है। सीएम धामी ने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार का नकल विरोधी कानून परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। ऐसे गंभीर मुद्दे पर रचनात्मक सुझाव देने के बजाय व्यक्तिगत कटाक्ष करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश की जनता मर्यादित और अमर्यादित व्यवहार के अंतर को भली-भांति समझती है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2024 में 1500 से अधिक पदों पर निकाली गई सहायक अध्यापक भर्ती का विवाद सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। परीक्षा में आए तीन विवादित प्रश्नों पर मिले बोनस अंकों के फेरबदल को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा अब हाई कोर्ट से लेकर सड़कों तक फूट पड़ा है। मामला तब बिगड़ा जब फरवरी 2025 में 1352 अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी होने के बाद तीन प्रश्नों पर आपत्तियां सही पाई गईं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि आयोग को पूरी मेरिट सूची दोबारा संशोधित कर पुरानी कट-ऑफ के आधार पर जारी करनी चाहिए थी। इसके बजाय आयोग ने नए सिरे से गणना कर महज 104 नए अभ्यर्थियों का चयन कर लिया। इस फैसले के कारण मूल कट-ऑफ से अधिक अंक पाने वाले कई योग्य अभ्यर्थी चयन से बाहर हो गए हैं। अपने भविष्य की चिंता में अभ्यर्थी सड़कों पर उतरकर पूरी चयन प्रक्रिया को संशोधित करने की मांग कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाई कोर्ट में तीखी बहस हुई, जिसके बाद अदालत ने आयोग को आगामी मंगलवार तक फरवरी 2025 की मूल कट-ऑफ के आधार पर अभ्यर्थियों की सूची पेश करने का निर्देश दिया है। वहीं, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया ने कहा कि कोर्ट में पक्ष रख दिया गया है और हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ नकाबपोश बदमाशों ने खूनी वारदात को अंजाम दिया है। प्रीत विहार स्थित एएनझा इंटर कॉलेज के मैदान में दोस्तों के साथ बैठे एक युवक पर चार नकाबपोशों ने तलवार से हमला कर दिया। सिर पर होते वार को रोकने के दौरान युवक के बाएं हाथ की तीन उंगलियां कट गईं, जिसमें से एक उंगली पूरी तरह अलग हो गई। वारदात के बाद बदमाश युवक की बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, शिवनगर निवासी अरमान अपने दोस्तों के साथ मैदान में था, तभी बाइक सवार चार नकाबपोश पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के मारपीट करने लगे। हमलावरों ने अरमान पर तलवार से सीधा वार किया। गंभीर रूप से घायल अरमान को उसके साथी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच में जुटी है कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश का नतीजा था या लूट की नीयत से किया गया था।

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक आज आफत की बारिश का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के चार प्रमुख जिलों—बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज दौर की बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर आ गया है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को खराब मौसम के दौरान संवेदनशील पहाड़ी रास्तों पर यात्रा न करने की सख्त सलाह दी गई है। उफान पर आते नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करने को कहा गया है। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम संबंधी अपडेट्स पर नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश भर में मौसम का यह तल्ख मिजाज आगामी 4 अगस्त तक बना रहेगा। ऐसे में सुरक्षा ही सबसे बड़ा बचाव है।

---- समाप्त ---- 

दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।