अयोध्या दर्शन पर गया था परिवार, पीछे से एटीएस जवान के घर 10 लाख की चोरी; ताला तोड़कर जेवर-नकदी ले उड़े चोर

Family away visiting Ayodhya; thieves break into ATS jawan's home and make off with cash and jewelry worth ₹10 lakh.

रांची। राजधानी रांची में बेखौफ अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरों ने इस बार आम नागरिक ही नहीं, बल्कि सुरक्षा में तैनात झारखंड एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) के जवान के बंद घर को ही अपना निशाना बना डाला। एटीएस जवान कमलेश राय के अयोध्या दर्शन के लिए बाहर जाते ही चोरों ने सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित उनके आवास पर धावा बोला और लगभग 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लेकर चंपत हो गए।

जानकारी के अनुसार, झारखंड एटीएस में पदस्थापित जवान कमलेश शुक्रवार शाम को अपने परिवार के साथ भगवान श्री राम के दर्शन के लिए अयोध्या गए हुए थे। घर पूरी तरह बंद था। इसी मौके का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी को तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण, भारी मात्रा में नकदी व अन्य सामान समेटकर फरार हो गए। एटीएस जवान के बड़े भाई सोमनाथ राय ने बताया कि घर में चोरी गए सामान और नकदी का सटीक आकलन परिवार के सदस्यों के वापस लौटने के बाद ही संभव हो सकेगा, लेकिन प्राथमिक अनुमान के मुताबिक नुकसान 10 लाख रुपये से अधिक का है। दिनदहाड़े एटीएस जवान के घर में हुई इस बड़ी चोरी की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय सुखदेव नगर थाने को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। सुखदेव नगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।