हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस के सत्यापन अभियान ने एक बिछड़े हुए परिवार को दो साल बाद फिर से मिला दिया है। दो वर्ष पूर्व प्रयागराज कुंभ मेले में अपने परिवार से बिछड़े करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग को पुलिस ने पिरान कलियर दरगाह परिसर से सकुशल बरामद किया है। बुजुर्ग के बेटे सीआईएसएफ में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। वीडियो कॉल पर दो साल बाद अपने पिता का चेहरा देखते ही बेटे की आंखें छलक उठीं। जानकारी के अनुसार, एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस द्वारा जनपद में सघन सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलियर शरीफ दरगाह परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मुकेश कुमार की नजर जूता स्टॉल के पास बैठे एक बुजुर्ग पर पड़ी, जो लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांगकर अपना गुजारा कर रहे थे। संदेह होने पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की, तो बुजुर्ग ने खुद को बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र का निवासी बताया। उन्होंने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि वह दो साल पहले गांव के लोगों के साथ प्रयागराज कुंभ मेले में स्नान करने गए थे, जहां भीड़ में वह अपनों से बिछड़ गए। भटकते-भटकते वह पिरान कलियर पहुंच गए और यहीं भीख मांगकर जीवन काटने लगे। बुजुर्ग की बात सुनकर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) हरिद्वार और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस ने बिहार के कुटुंबा थाना पुलिस से संपर्क साधा और बुजुर्ग का नाम व तस्वीर भेजकर उनकी पहचान की पुष्टि कराई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से उनके परिजनों तक संदेश पहुंचाया गया।
पिता से लिपटकर रो पड़े सीआईएसएफ दरोगा
इसके बाद पुलिस टीम ने वीडियो कॉल के जरिए बुजुर्ग की बात उनके बेटे अंकित से कराई। मोबाइल स्क्रीन पर पिता को देखते ही सीआईएसएफ में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात अंकित भावुक होकर रो पड़े। उन्होंने बताया कि परिवार दो साल से लगातार उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पा रहा था। सूचना मिलते ही अंकित रातों-रात ट्रेन पकड़कर हरिद्वार पहुंचे। कलियर थाने में दो साल बाद पिता को सामने देखकर बेटा उनसे लिपटकर फफक पड़ा। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताओं के बाद बुजुर्ग को परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिस पर परिवार ने हरिद्वार पुलिस का हृदय से आभार जताया।






