निकाय चुनाव: लापरवाही की इंतहा! वोटर लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी को बना दिया 'भगवान सिंह, तैयारियों की खुली पोल

देहरादून। उत्तराखण्ड में निकाय चुनाव के दौरान गड़बड़ियों के मामलों ने प्रशासनिक तंत्र की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। लापरवाही का आलम ये रहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भी वोटिंग नहीं कर पाए। यही नहीं कई जगहों पर लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब मिले, जिसके चलते खासी नाराजगी देखने को मिल रही है। जानकारी के मुताबिक निकाय चुनाव में मतदान करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी दो दिन पूर्व पिथौरागढ़ आ गए थे। नगर के पनलोट वार्ड में उनका मतदान केंद्र था। जब मतदाता सूची देखी गई तो सूची में नाम गलत होने से वह मतदान नहीं कर सके। जिसके बाद उन्हें बिना मतदान किए ही लौटना पड़ा। खबरों की मानें तो वोटर लिस्ट में भगत सिंह कोश्यारी' की जगह 'भगवान सिंह कोश्यारी' लिखा हुआ था, जिसके चलते वह वोट नहीं कर पाए। फिलहाल मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें कि 23 जनवरी को उत्तराखण्ड में निकाय चुनाव को लेकर मतदान हुआ। इस दौरान कई जगहों पर मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब मिले। आलम ये था कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत तमाम प्रमुख लोगों के नाम भी वोटर लिस्ट से गायब थे।