निकाय चुनाव: चंपावत में भाजपा का दबदबा! चारों सीटों पर दर्ज की जीत

Civic elections: BJP's dominance in Champawat! Recorded victory on all four seats

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जिले में भाजपा का दबदबा देखने को मिला है। यहां चारों सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है। जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की बदौलत ही आज चंपावत जिले में पहली बार चारों नगर निकाय सीटें भाजपा की झोली में आई हैं। चंपावत जिले में ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी। इस दौरान चंपावत से भाजपा की प्रेमा पांडे, लोहाघाट से गोविंद वर्मा, टनकपुर से विपिन कुमार तथा बनबसा से रेखा देवी ने जीत दर्ज की है। टनकपुर में विपिन कुमार तथा बनबसा से भाजपा प्रत्याशी रेखा देवी ने अपने विरोधी कांग्रेस के बृजेंद्र कुमार को 75 मतों से पराजित किया। रेखा देवी को 1603 तथा बृजेंद्र कुमार को 1528 वोट मिले। रिटर्निंग ऑफिसर आकाश जोशी ने रेखा देवी को विजयी घोषित किया। टनकपुर में भाजपा प्रत्याशी विपिन कुमार ने कांग्रेस की हेमा वर्मा को 1150 वोटों से पराजित किया। हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है। जानकारी के मुताबिक विपिन कुमार को 4557 तथा हेमा वर्मा को 3407 वोट मिले हैं। वही चंपावत नगर पालिका में काफी करीबी मुकाबला देखने को मिला, जहां भाजपा की प्रेमा पांडे ने निर्दलीय प्रत्याशी ममता वर्मा को मात्र 110 मतों से पराजित किया। वही लोहाघाट पालिका से भाजपा प्रत्याशी गोविंद वर्मा ने एक तरफा जीत हासिल करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी रंजीत अधिकारी को 1441 मतों से पराजित किया। भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल मेहरा ने इसे भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा मुख्यमंत्री द्वारा किए गए विकास कार्यों के साथ-साथ जिले की जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि जिले में अब काफी तेजी से विकास कार्य होंगे।