निकाय चुनाव: बागेश्वर, कपकोट और खटीमा में भाजपा की जीत! गरुड़ में कांग्रेस ने मारी बाजी, कार्यकर्ताओं में जश्न

बागेश्वर। बागेश्वर में 1 नगर पालिका परिषद और 2 नगर पंचायत चुनावों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। नगर पालिका परिषद बागेश्वर में अध्यक्ष पद पर बीजेपी प्रत्याशी सुरेश खेतवाल और नगर पंचायत कपकोट अध्यक्ष पद पर बीजेपी प्रत्याशी गीता ऐठानी ने जीत दर्ज की। जबकि गरुड़ में कांग्रेस प्रत्याशी भावना वर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
नगर पालिका परिषद बागेश्वर में बीजेपी प्रत्याशी सुरेश खेतवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहे निर्दलीय प्रत्याशी कवि जोशी को 1043 मतों से पराजित किया। बीजेपी प्रत्याशी सुरेश खेतवाल को 4896 मत पड़े। जबकि निर्दलीय प्रत्याशी कवि जोशी को 3853 मत, कांग्रेस की गीता रावल को 2168, निर्दलीय प्रेम कुमार को 238, समाजवादी पार्टी के दीवान सिंह मलड़ा को 90 व नोटा को 34 मत पड़े। नगर पंचायत कपकोट में बीजेपी प्रत्याशी गीता ऐठानी को 1192 मत पड़े। जबकि कांग्रेस की धना बिष्ट को 1085 मत व नोटा को 26 मत पड़े। बीजेपी प्रत्याशी गीता ऐठानी ने 107 मतों से जीत दर्ज की। नगर पंचायत गरुड़ में कांग्रेस प्रत्याशी भावना वर्मा ने 37 मतों से जीत दर्ज की।
इधर उधम सिंह नगर जनपद के सीमांत नगर खटीमा में हुए नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद से भाजपा प्रत्याशी रमेश चंद्र जोशी ने भारी मतों से अपनी विजय दर्ज कराई है। देर शाम तक चली मतगणना में भाजपा प्रत्याशी जोशी को 20 हजार 962 मत प्राप्त हुए। वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी राशिद अंसारी को 9 हजार 805 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस प्रत्याशी उमेश राठौर को 5 हजार 696 मत प्राप्त हुए। ज्ञात हो कि खटीमा मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र है और जिस दिन मुख्यमंत्री ने खटीमा में रोड शो किया था उस दिन ही रोड शो में मिल रहे समर्थन से यह निश्चित हो गया था कि विजय भाजपा प्रत्याशी रमेश जोशी के हिस्से में आएगी। जिसका फैसला अब मतगणना के बाद सामने आ चुका है। भाजपा प्रत्याशी रमेश जोशी के विजई होने पर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। निर्वाचन अधिकारी से अपना प्रमाण पत्र लेने के बाद भाजपा प्रत्याशी रमेश जोशी ने नगर में विजय जुलूस निकालकर नगर की जनता का आभार जताया।