निकाय चुनावः रुद्रपुर सीट से भाजपा ने विकास शर्मा तो कांग्रेस ने मोहन खेड़ा को उतारा मैदान में! समर्थकों में खुशी की लहर

रुद्रपुर। निकाय चुनाव को लेकर आज रविवार को भाजपा और कांग्रेस ने कई सीटों पर मेयर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। रुद्रपुर से जहां भाजपा ने विकास शर्मा को मैदान में उतारा गया है, वहीं कांग्रेस की तरफ से मोहन खेड़ा का नाम फाइनल हुआ है। टिकट फाइनल होने के बाद विकास शर्मा और मोहन खेड़ा के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इधर विकास शर्मा का नाम फाइनल होने के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। इस दौरान बधाई देने वालों का उनके कार्यालय में तांता लग गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी पुष्कर सिंह काला, विधायक शिव अरोरा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला समेत तमाम भाजपाईयों ने फूलमालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। साथ ही विकास शर्मा को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी विकास शर्मा ने पार्टी हाईकमान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित सभी समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है उसे टूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के प्रयासों से इस बार रुद्रपुर नगर निगम में भाजपा रिकार्ड मतों से हैट्रिक बनायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जा रहा प्रदेश का समग्र विकास इस बार पूरे प्रदेश में निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का आधार बनेंगे। उन्होंने कहा कि जनसमर्थन भाजपा के साथ है। विपक्षी दल को प्रत्याशी भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नगर निगम चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जायेगी। साथ ही श्री शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर के विकास का रोडमैप उन्होंने तैयार किया है। आने वाले दिनों में रुद्रपुर के विकास की गति और तेज होगी।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने विकास शर्मा भरोसा जताया है, निश्चित रूप से वे पार्टी हाईकमान और कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है, इसमें उम्मीदवार के चयन की एक पूरी प्रक्रिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं की राय लेने के साथ साथ कई पहलुओं पर विचार करने के बाद प्रत्याशी घोषित करती है। उन्होने कार्यकर्ताओं से आहवान किया कि भाजपा प्रत्याशी की जीत के लिए तन और मन से जुट जायें।
इस अवसर पर जिला प्रभारी पुष्कर सिंह काला, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल चौहान, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, सुरेश कोली, अमित नारंग आदि समेत तमाम भाजपाई मौजूद थे।