निकाय चुनाव: गरूड़ नगर पंचायत सीट पर मात्र 37 मतों से पराजित होने के बाद भाजपा ने जताई गड़बड़ी की आशंका! मतगणना स्थल के बाहर हंगामा

बागेश्वर के गरूड़ नगर पंचायत सीट पर भाजपा की प्रत्याशी ललिता वर्मा के मात्र 37 मतों से पराजित होने के बाद भाजपा ने परिणाम पर गड़बड़ी की आशंका व्यक्त की है। भाजपा ने इसके विरोध में मतगणना स्थल के बाहर धरना दिया और हंगामा किया।
बीजेपी कार्यकर्त्ताओं ने आरोप लगाया कि रिटर्निंग ऑफिसर ने कांग्रेस के साथ मिलकर उन्हें हराया है। इधर बीजेपी नेता व दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा है कि चुनाव से पूर्व ही उपजिलाधिकारी द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी को मदद की जा रही थी। भाजपा इसके खिलाफ अदालत की शरण लेगी। भाजपा नेता व दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल चला। जनपद की तीन सीटों में दो सीटों पर भाजपा विजय हुई, जबकि गरूड़ में रिटर्निंग अधिकारी द्वारा परिणाम प्रभावित किए हैं। कहा कि उनके द्वारा चुनाव से पूर्व ही कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में कार्य किया जा रहा था परंतु शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए भाजपा ने इस पर शांति बनाई रखी। कहा कि मतगणना के समय सुबह ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रथम चरण के बाद अफवाह फैला दी कि कांग्रेस 241 मतों से विजयी हो गई है जिस पर भाजपाई अभिकर्ता व अन्य कार्यकर्ता मायूस हो गए। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी ने भाजपा के अभिकर्ताओं को अंदर नहीं घुसने दिया। बीजेपी नेताओं ने इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की और अब इस मामले को लेकर अदालत की शरण ली जाएगी। बीजेपी नेताओं ने दावा किया कि रिकाउंटिंग में उनकी जीत निश्चित है। उधर इस मामले में आरओ जीतेन्द्र वर्मा ने बताया कि इलेक्शन पूरी तरह फेयर हुआ है और हमने एक फेयर इलेक्शन सम्पन्न करवाया है। अगर किसी को आपत्ति है तो वो कोर्ट जा सकता है।