निकाय चुनावः काशीपुर में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका! मुक्ता सिंह ने थामा भाजपा का दामन, सीएम धामी ने किया रोड शो

काशीपुर। उत्तराखण्ड में निकाय चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान भी तेज होता जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्रचार अभियान में तेजी के साथ जुड़ रहे हैं। इसी क्रम में आज सीएम धामी ने ऊधम सिंह नगर जिले में कई जगहों पर पहुंचकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाया। इस बीच काशीपुर में कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। यहां मुक्ता सिंह ने कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। पिछले निकाय चुनाव में कांग्रेस से मेयर पद की प्रत्याशी रही मुक्ता सिंह ने आज सीएम धामी की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा। इसे कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा से मेयर प्रत्याशी दीपक बाली और सभी वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो निकाला। रोड शो में हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के अलावा आम जनता ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सीएम धामी ने काशीपुर की जनता को सरकार की उपलब्धियां गिनाई और ट्रिपल इंजन लगाने की बात कही। उन्होंने लोगों को चहुंमुखी विकास का भरोसा भी दिलाया।