Black Sunday: ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से मासूम की मौत! पलभर में उजड़ी परिवार की खुशियां, कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर बोल्डर गिरने से गई एक की जान
श्रीनगर/पौड़ी। उत्तराखण्ड में रविवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो दर्दनाक हादसों ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूल्यागांव के पास हुए हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर सतपुली क्षेत्र में मैक्स वाहन पर विशाल बोल्डर गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। पहली घटना ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूल्यागांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पानीपत से श्रीनगर की ओर गेहूं लेकर जा रहा एक ट्रक चढ़ाई के दौरान अचानक पीछे की ओर फिसलने लगा। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके चलते ट्रक तेजी से पीछे आने लगा। ट्रक को पीछे आता देख उसके ठीक पीछे चल रहे दूसरे ट्रक के चालक ने भी दुर्घटना से बचने के लिए अपना वाहन पीछे करना शुरू कर दिया। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार अंकित अपनी पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटी नौनी के साथ वहां पहुंच गए। अचानक सामने ट्रकों की अप्रत्याशित स्थिति देखकर बाइक सवार संभल नहीं सके और उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के दौरान मासूम नौनी ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने वहां मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया। दुर्घटना के बाद गेहूं से लदा ट्रक सड़क पर पलट गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मासूम बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद बेस अस्पताल श्रीकोट भेज दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात सामान्य कराने के लिए अभियान चलाया।
सतपुली में मैक्स वाहन पर गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौत
कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर भी एक बड़ा हादसा हो गया। सतपुली मल्ली क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक एक विशाल बोल्डर टूटकर सड़क पर गुजर रहे मैक्स वाहन पर आ गिरा। बोल्डर गिरते ही वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का उपचार जारी है।