श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ अहमद भट को मार गिराया है। बुधवार को शुरू हुई इस मुठभेड़ की सबसे खास बात यह रही कि आतंकी द्वारा एक मस्जिद में शरण लेने के बावजूद सुरक्षाबलों ने अत्यंत संयम और सूझबूझ का परिचय दिया, जिससे धार्मिक स्थल को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा। कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मुठभेड़ स्थल से आतंकी का शव और हथियार बरामद होने की पुष्टि करते हुए आतंकियों को सख्त चेतावनी दी कि 'तुम भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते।' कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनायत अली चौधरी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों को मिली सटीक खुफिया सूचना और बेहतर आपसी तालमेल के आधार पर शुरू किया गया था। जवानों ने उस इलाके की घेराबंदी की, जहां स्थानीय आतंकी लतीफ भट छिपा हुआ था। बुधवार दोपहर करीब पौने तीन बजे जब आतंकी ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू की, तो जवाबी कार्रवाई के साथ मुठभेड़ छिड़ गई। घेराबंदी के दौरान आतंकी जान बचाने के लिए एक मस्जिद के अंदर जा छिपा। सुरक्षाबलों ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का सख्ती से पालन करते हुए उससे कई बार आत्मसमर्पण करने की अपील की, लेकिन उसने इनकार कर दिया और फायरिंग जारी रखी। एसएसपी चौधरी ने बताया कि ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य धार्मिक स्थल को बिना किसी क्षति के आतंकी को बाहर निकालना या निष्क्रिय करना था। जवानों ने धैर्य और सटीक रणनीति से काम लेते हुए न केवल लतीफ भट को ढेर किया, बल्कि मस्जिद को भी पूरी तरह सुरक्षित रखा।
सीआरपीएफ हमले की साजिश में शामिल था लतीफ
गौरतलब है कि मारा गया लश्कर कमांडर लतीफ भट सुरक्षाबलों के लिए बड़ा सिरदर्द बना हुआ था। इससे पहले मंगलवार को पुलिस ने खुलासा किया था कि सोमवार को हुई एक अन्य मुठभेड़ में मारा गया आतंकी उमर निसार डार और लतीफ भट आपस में जुड़े हुए थे। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों पर हुए हमले से ठीक पहले, 10 नवंबर को दोनों आतंकियों ने मिलकर कई संवेदनशील स्थानों की रेकी की थी। पुलिस ने इस साजिश से जुड़े अहम सीसीटीवी फुटेज भी जारी किए थे। अब लतीफ भट के खात्मे के साथ ही कुलगाम क्षेत्र में आतंकी नेटवर्क को एक बड़ा झटका लगा है।






