बिग ब्रेकिंगः मुंबई में दिनदहाड़े बंधक बनाए गए 15-20 बच्चे! ऑडिशन के नाम पर बुलाकर किया था किडनैप, पकड़ा गया आरोपी
 
 नई दिल्ली। मुंबई से आज गुरूवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां जाने-माने आर ए स्टूडियो में दिनदहाड़े बच्चों को बंधक बना लिया गया। बताया जाता है कि स्टूडियो की पहली मंजिल पर एक्टिंग क्लासेज चलती है और यहां पहली मंजिल पर ऑडिशन चल रहे थे। आज करीब 100 बच्चे ऑडिशन देने पहुंचे थे। इसी दौरान स्टूडियो में काम करने वाले और यूट्यूब चैनल चलाने वाले रोहित आर्य ने 15 से 20 बच्चों को अंदर बंद कर लिया। खबरों के मुताबिक रोहित पिछले चार से पांच दिनों से ऑडिशन कर रहा था। आज उसने शुरुआत में करीब 80 बच्चों को जाने दिया, लेकिन बाकी बच्चों को कमरे में रोक लिया। बच्चे खिड़कियों से बाहर झांकते दिखे तो बाहर मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची और स्टूडियो को चारों ओर से घेर लिया। इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया। पुलिस लगातार आरोपी की मंशा समझने और बच्चों को सुरक्षित निकालने की योजना बनाती रही। इस दौरान रोहित ने एक वीडियो भी जारी किया। उसने कहा कि वह सुसाइड की जगह यह कदम उठा रहा है। उसकी कुछ नैतिक और सरल मांगें हैं और वह कुछ लोगों से बात करना चाहता है। उसने कहा कि पैसे की कोई मांग नहीं है। रोहित ने दावा किया कि अगर उसे उकसाया गया तो वह नुकसान पहुंचा सकता है। कुछ देर बाद पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और रोहित को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और रोहित से पूछताछ की जा रही है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया और क्या वह मानसिक रूप से अस्थिर है। इस घटना ने शहर में दहशत और चिंता का माहौल बना दिया।
 
  
   
  
  
  
  
  
  
  
  
  
  
  
  
  
 