बिहार में एक और दर्दनाक हादसा: ड्यूटी से लौट रहे कृषि सलाहकार को हाइवा ने रौंदा,मौके पर मौत,गुस्साए लोगों ने ट्रक में लगाई आग
बिहार। जहानाबाद-बिहारशरीफ राष्ट्रीय राजमार्ग पर काको थाना क्षेत्र के सरस्वती मोड़ के पास मंगलवार देर शाम एक भयावह सड़क हादसा हो गया। ड्यूटी पूरी कर साइकिल से घर लौट रहे अमथुआ पंचायत के 50 वर्षीय कृषि सलाहकार ज्ञानचंद शर्मा को एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बिहार के जहानाबाद जिले में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हिंसक रूप ले लिया। जहानाबाद-बिहारशरीफ राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर काको थाना क्षेत्र के सरस्वती मोड़ के पास ड्यूटी से साइकिल पर घर लौट रहे कृषि सलाहकार ज्ञानचंद शर्मा (50) की तेज रफ्तार हाईवा ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में आग लगा दी, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, अमथुआ पंचायत में कृषि सलाहकार के पद पर कार्यरत सफेपुर निवासी ज्ञानचंद शर्मा रोज की तरह काको बाजार से अपनी ड्यूटी पूरी कर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए हाईवा ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक उन्हें काफी दूर तक घसीटता ले गया। हादसे में उनका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिजनों को भी पहचान करने में कठिनाई हुई। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने एनएच-33 पर जाम लगा दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में आग लगा दी। आग की लपटों से ट्रक पूरी तरह जलने लगा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर काको थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं, अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद जलते ट्रक पर काबू पाया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। हादसे के बाद पुलिस ने ज्ञानचंद शर्मा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने मृतक को ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी बताते हुए दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। काको थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। देर रात तक पुलिस घटनास्थल पर मौजूद रही और लोगों को समझाकर जाम हटवाने तथा यातायात सामान्य कराने में जुटी रही। इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों से बढ़ते सड़क हादसों और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।