एंजेल चकमा हत्याकाण्डः पुलिस का बड़ा एक्शन! फरार मुख्य आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी, कोर्ट में दाखिल की 649 पन्नों की चार्टशीट
देहरादून। एंजेल चकमा हत्याकाण्ड के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस द्वारा कोर्ट में 649 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई है। वहीं मामले में पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है। हालांकि मुख्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका पर अब पुलिस की ओर से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की तैयारी की जा रही है। मामले के मुताबिक 9 दिसंबर 2025 को सेलाकुई क्षेत्र की एक शराब की दुकान के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान त्रिपुरा निवासी छात्र एंजेल चकमा गंभीर रूप से घायल हो गया था। एंजेल के भाई माइकल ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों की ओर से गंभीर चोट लगने की पुष्टि होने के बाद 14 दिसंबर को पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। उसके बाद 26 दिसंबर को एंजेल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इसमें हत्या की धाराएं जोड़कर मामले की जांच तेज की। सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद इस घटना में छह लोगों के शामिल होने की बात सामने आई थी। इसके बाद मामले में पुलिस ने दो नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य हमलावर यज्ञ राज अभी तक फरार चल रहा है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है। ऐसे में पुलिस को उसके नेपाल भागने की सूचना मिली थी। हत्याकांड के बाद पुलिस ने बॉर्डर क्षेत्र में कई दबिशें दी, लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस ने इस मामले में ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर जांच पड़ताल के बाद पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। इसमें पीड़ित पक्ष की तहरीर को मुख्य आधार बनाया गया है।