भीषण गर्मी के बीच पीएम मोदी की अपीलः खुद को हाइड्रेटेड रखें! जरूरतमंदों को पानी पिलाएं और पशु-पक्षियों का भी रखें ध्यान
नई दिल्ली। देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से सतर्क रहने, अपनी सेहत का ध्यान रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की है। देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ऐसे हालात में प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से लोगों को गर्मी से बचाव के साथ-साथ मानवता और संवेदनशीलता का संदेश दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव के कारण दैनिक जीवन पर गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी सेहत को प्राथमिकता दें और शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। उन्होंने सलाह दी कि घर से बाहर निकलते समय पानी की बोतल अवश्य साथ रखें और धूप में लंबे समय तक रहने से बचें। पीएम मोदी ने कहा कि इस कठिन मौसम में केवल खुद का ही नहीं बल्कि आसपास के लोगों का भी ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि संभव हो तो किसी जरूरतमंद या प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर दें। प्रधानमंत्री ने उन लोगों की भी सराहना की, जो अपने घरों, दुकानों या सार्वजनिक स्थानों के बाहर मटकों और पानी की व्यवस्था कर रहे हैं ताकि राहगीरों और जरूरतमंदों को राहत मिल सके।
प्रधानमंत्री ने बुजुर्गों की देखभाल को भी बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि परिवार के बुजुर्ग सदस्य इस मौसम में सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों का हालचाल लेने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि बुजुर्गों को पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप से बचने और ज्यादा से ज्यादा आराम करने की सलाह दी जानी चाहिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने का भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में इंसानों के साथ-साथ पशु.पक्षी भी पानी की कमी से परेशान होते हैं। ऐसे में लोग अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या कार्यालय के बाहर पानी से भरा छोटा बर्तन रखें, ताकि प्यासे पक्षियों और जानवरों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह छोटा सा प्रयास किसी जीव के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
बता दें कि देश के कई राज्यों में इस समय हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी है। मौसम विभाग लगातार लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। अस्पतालों में भी गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री का यह संदेश लोगों को न केवल सतर्क रहने बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा भी दे रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश के अंत में कहा कि इस भीषण गर्मी के दौरान सभी लोगों को संवेदनशीलता, करुणा और सहयोग की भावना के साथ एक-दूसरे तथा जीव-जंतुओं का ध्यान रखना चाहिए। उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग भीषण गर्मी में राहत और सहायता के छोटे-छोटे प्रयासों को साझा कर रहे हैं।