लॉ कॉलेज के क्लासरूम में हुआ शूटआउट! कथित एक तरफा प्यार में छात्र ने क्लासरूम में ही मार दी छात्रा और खुद को गोली,सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना
पंजाब के तरनतारन जिले स्थित एक लॉ कॉलेज में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक छात्र ने कथित तौर पर क्लासरूम के अंदर अपनी सहपाठी छात्रा को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र ने भी खुद को गोली मार ली। घटना में दोनों की मौत हो गई। इस घटना से कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया।
मृतक छात्रा की पहचान 20 वर्षीय संदीप कौर के रूप में हुई है, जो लॉ कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वहीं आरोपी की पहचान प्रिंसराज सिंह, निवासी तरनतारन, के रूप में हुई है, जो उसी कॉलेज में छात्र था। घटना के बाद पुलिस ने कॉलेज परिसर को सील कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पुलिस जांच और सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 9:16 बजे की बताई जा रही है। उस समय क्लास शुरू होने से पहले छात्र-छात्राएं कक्षा में मौजूद थे।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि संदीप कौर अपनी एक सहेली के साथ क्लास की पिछली बेंच पर जाकर बैठी थी। इसी दौरान आरोपी छात्र वहां पहुंचा और उनके पास बैठ गया। कुछ देर बातचीत के बाद वह अचानक उठा और अपने बैग से हथियार निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और फुटेज के आधार पर पुलिस का कहना है कि आरोपी ने छात्रा के सिर पर नजदीक से गोली चला दी। गोली लगते ही छात्रा मौके पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से उसी हथियार से खुद को भी कनपटी पर गोली मार ली। घटना के बाद कॉलेज में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौजूद छात्रों ने कॉलेज प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे कथित एकतरफा प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। जांच अधिकारियों के अनुसार, छात्रा की सगाई पहले ही तय हो चुकी थी, जबकि आरोपी छात्र कथित तौर पर उस पर शादी का दबाव बना रहा था। यह भी जांच में सामने आया है कि आरोपी ने हाल ही में छात्रा को प्रपोज किया था, जिसे छात्रा ने स्वीकार नहीं किया था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की जांच जारी है।
वहीं मृतक छात्रा की मां हरजिंदर कौर ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कॉलेज से उन्हें फोन पर केवल मामूली झगड़े और चोट लगने की जानकारी दी गई थी। जब वे कॉलेज पहुंचीं, तब तक उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, छात्रा सुबह सामान्य रूप से कॉलेज के लिए घर से निकली थी और उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। परिवार ने बताया कि मृतक छात्रा के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने परिवार में छह बहनों और एक छोटे भाई के बीच रहती थी।
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार बरामद कर लिया है और फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी संभावित पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।