देश में मौसम का डबल अटैक: कहीं 46 डिग्री की झुलसाती गर्मी तो कहीं आंधी-तूफान का अलर्ट! 14 राज्यों के लिए IMD की चेतावनी, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम?
नई दिल्ली। देशभर में मौसम ने इन दिनों अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक ओर जहां उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने से आंधी-तूफान, बिजली गिरने और भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए 14 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 12 घंटों के भीतर कई राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और हिमालयी क्षेत्रों में प्री-मानसून सिस्टम सक्रिय होने से मौसम अस्थिर बना हुआ है और कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
आईएमडी ने बताया कि सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में आने वाले दिनों में जोरदार बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण-पूर्व अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल होती जा रही हैं, जिससे मानसून के समय से पहले सक्रिय होने की उम्मीद जताई जा रही है। उधर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत के कई हिस्सों में गर्मी का कहर जारी है। कई शहरों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सूखी उत्तर-पश्चिमी हवाओं और थार रेगिस्तान से आ रही गर्म हवाओं ने तापमान में भारी बढ़ोतरी कर दी है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। इसके साथ ही “गर्म रातों” की स्थिति भी बनी रह सकती है, जिसमें रात के समय भी तापमान सामान्य से काफी अधिक बना रहता है। उत्तर प्रदेश इस समय सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में शामिल है। बांदा जिले में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक तापमान वाले क्षेत्रों में शामिल रहा। लगातार पड़ रही गर्मी से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, हीट एक्सॉशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। आईएमडी ने बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, आगरा और झांसी समेत कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके बाद राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को पीने के पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और जन-जागरूकता अभियान मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए लखनऊ समेत कई जिलों में स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में अगले तीन दिनों तक 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है। पटना में धूल भरी आंधी चल सकती है, जबकि पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम करवट ले सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से देहरादून, नैनीताल, शिमला, मनाली और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर में अगले दो दिनों तक 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।