खुशियों की किलकारीः भारती सिंह फिर बनीं मां! बेटे को दिया जन्म, इमरजेंसी में हुई डिलीवरी
नई दिल्ली। मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह एक बार फिर मां बन गई हैं। भारती ने आज 19 दिसंबर को दूसरे बच्चे को जन्म दिया है। बताया जाता है कि आज सुबह उन्हें लाफ्टर शेफ की शूटिंग करनी थी, लेकिन प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां भारती ने अपने लाडले को जन्म दिया। फैंस और सेलेब्स भारती और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को फिर से पेरेंट्स बनने पर बधाई दे रहे हैं। कपल के घर में जश्न का मौहाल है। बता दें कि भारती और हर्ष ने 2017 में शादी की थी। भारती ने इससे पहले 2022 में बेटे गोला को जन्म दिया था। उसका रियल नाम लक्ष्य है। पहला बच्चा होने के बाद से भारती ने दूसरा बेबी होने की इच्छा जताई थी। हालांकि उन्होंने कई इंटरव्यू या शो में बेटी होने की ख्वाहिश को सामने रखा था। अपने व्लॉग में कॉमेडियन ने एक बार कहा था कि वो चाहती हैं उन्हें इस बार बेटी हो। गोला के बाद उन्हें गोली मिले। वो फिर दीपिका पादुकोण की तरह अपनी बेटी को लहंगा पहनाएंगी, लेकिन बेटी की ये मुराद भारती की अधूरी रह गई। भारती ने अपनी पूरी प्रेग्नेंसी काम किया है। वो कुकिंग कॉमेडी शो लाफ्टर शेफ सीजन 3 की शूटिंग में बिजी थीं। वो इस शो को होस्ट करती हैं। सेट पर भारती अक्सर आने वाले बच्चे को लेकर बातें करती थीं। कॉमेडियन ने बीते दिनों अपना मैटरनिटी शूट कराया था। तस्वीरों में वो अपना हैवी बेबी बंप दिखाती नजर आईं।