रोड़वेज में नौकरी से पहले लेनी होगी ये शपथ

प्रदेश में रोड़वेज एकमात्र ऐसा निगम है, जहां सबसे ज्यादा कर्मचारी संगठन हैं। नौ कर्मचारी संगठन तो बाकायदा दर्ज हैं, इसके अलावा कर्मचारियों की ओर से कुछ छोटे संगठन और बनाए गए हैं। आए दिन ये संगठन कभी मुख्यालय, मण्डलीय प्रबंधकों, डिपो सहायक महाप्रबंधकों और कार्यशाला में काम ठप करने की चेतावनी देकर प्रबंधन पर दबाव बनाते रहते हैं। इतना ही नहीं बस संचालन ठप करके निगम को आर्थिक हानि भी पहुंचाते हैं। माह में 20 दिन कर्मचारियों की हड़ताल, घेराव व प्रदर्शन या धरने आदि का नोटिस व विरोध झेलने वाले रोड़वेज प्रबंधन ने नए कर्मियों को इस सब से दूर रखने की तैयारी कर ली है। प्रबंधन ने नई नियुक्ति से पहले संबंधित आवेदक के लिए आठ पेज का शपथ पत्र अनिवार्य कर दिया है। इसमें सबसे अहम शर्त है कि संबंधित आवेदक नियुक्ति होने के बाद किसी धरना, प्रदर्शन, आंदोलन या हड़ताल में शामिल नहीं होगा। इस सूरत में उसकी सेवा तत्काल समाप्त कर दी जाएगी।

परिवहन निगम में गतिमान 367 संविदा परिचालकों को नियुक्ति से पहले अब यही शपथ पत्र देना होगा। सौ रुपये के स्टांप पेपर पर नियुक्ति का एक अनुबंध पत्र देना होगा। आठ पेज के इस अनुबंध पत्र में एक पेज शपथ पत्र का है। जिसमें स्पष्ट अंकित किया गया है कि नियुक्ति के बाद संबंधित परिचालक किसी आंदोलन जैसी गतिविधि में शामिल नहीं होगा, अगर ऐसा किया गया तो नियुक्ति निरस्त कर दी जाएगी।